सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Football ›   FIFA World Cup 2026 Matchday 16: Mbappe vs Haaland Headlines; Knockout Race Intensifies Spain Belgium uruguay

FIFA World Cup: नॉकआउट की जंग हुई दिलचस्प! आज नॉर्वे vs फ्रांस; स्पेन-बेल्जियम और उरुग्वे की किस्मत भी दांव पर

Fri, 26 Jun 2026 01:02 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क
सार

फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप चरण का रोमांच चरम पर पहुंच गया है। शुक्रवार को ग्रुप G, H और I के अंतिम मुकाबले खेले जाएंगे। फ्रांस-नॉर्वे की टक्कर में ग्रुप विजेता का फैसला होगा, जबकि स्पेन, उरुग्वे, बेल्जियम, मिस्र, ईरान, केप वर्डे और सऊदी अरब जैसी टीमें नॉकआउट में जगह पक्की करने के लिए मैदान में उतरेंगी।

विज्ञापन
FIFA World Cup 2026 Matchday 16: Mbappe vs Haaland Headlines; Knockout Race Intensifies Spain Belgium uruguay
फीफा विश्वकप 2026 - फोटो : FIFA.COM

विस्तार

फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप चरण का रोमांच अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। शुक्रवार (26 जून) को ग्रुप जी, एच और आई के आखिरी मुकाबले खेले जाएंगे, जहां कई टीमों की किस्मत का फैसला होगा। इन तीनों ग्रुपों की 12 टीमों में से अभी 10 टीमों की नॉकआउट में जगह पूरी तरह तय नहीं हुई है। ऐसे में हर मुकाबला बेहद अहम होने वाला है।
विज्ञापन


दिन का सबसे चर्चित मुकाबला फ्रांस और नॉर्वे के बीच होगा। दोनों टीमें पहले ही राउंड ऑफ 32 में पहुंच चुकी हैं, लेकिन ग्रुप I में शीर्ष स्थान का फैसला इसी मैच से होगा। दूसरी ओर स्पेन, उरुग्वे, मिस्र, ईरान, बेल्जियम, न्यूजीलैंड, केप वर्डे और सऊदी अरब जैसी टीमों के सामने नॉकआउट में पहुंचने की चुनौती होगी।
विज्ञापन

FIFA World Cup 2026 Matchday 16: Mbappe vs Haaland Headlines; Knockout Race Intensifies Spain Belgium uruguay
हालंद और एमबाप्पे - फोटो : FIFA.COM
एमबाप्पे बनाम हालंद पर रहेंगी दुनिया की नजरें
बोस्टन में होने वाला फ्रांस और नॉर्वे का मुकाबला मैच डे-16 का सबसे बड़ा आकर्षण माना जा रहा है। विश्व फुटबॉल के दो सबसे खतरनाक स्ट्राइकर किलियन एमबाप्पे और एरलिंग हालंद आमने-सामने होंगे। दोनों खिलाड़ी अब तक चार-चार गोल कर चुके हैं और गोल्डन बूट की दौड़ में भी शामिल हैं।

फ्रांस ने अपने पहले दो मुकाबलों में सेनेगल को 3-1 और इराक को 3-0 से हराया है, जबकि नॉर्वे ने इराक को 4-1 और सेनेगल को 3-2 से मात दी। दोनों के छह-छह अंक हैं। फ्रांस को ग्रुप में शीर्ष स्थान बनाए रखने के लिए सिर्फ एक ड्रॉ की जरूरत है, जबकि नॉर्वे को पहला स्थान हासिल करने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।

FIFA World Cup 2026 Matchday 16: Mbappe vs Haaland Headlines; Knockout Race Intensifies Spain Belgium uruguay
फ्रांस और सेनेगल - फोटो : FIFA.com
सेनेगल और इराक के लिए आखिरी मौका
ग्रुप आई के दूसरे मुकाबले में सेनेगल और इराक आमने-सामने होंगे। दोनों टीमें शुरुआती दो मैच हार चुकी हैं और उनके खाते में एक भी अंक नहीं है। अब दोनों की उम्मीदें केवल तीसरे स्थान पर रहते हुए सर्वश्रेष्ठ आठ तीसरे स्थान वाली टीमों में शामिल होने पर टिकी हैं। इसके लिए सिर्फ जीत ही काफी नहीं होगी, बल्कि बेहतर गोल अंतर और अन्य मैचों के नतीजों पर भी नजर रखनी होगी।

ग्रुप आई का मौजूदा हाल
टीम मैच जीत ड्रॉ हार गोल किए गोल खाए गोल अंतर अंक
फ्रांस 2 2 0 0 6 1 +5 6
नॉर्वे  2 2 0 0 7 3 +4 6
सेनेगल 2 0 0 2 3 6 -3 0
इराक 2 0 0 2 1 7 -6 0
विज्ञापन

FIFA World Cup 2026 Matchday 16: Mbappe vs Haaland Headlines; Knockout Race Intensifies Spain Belgium uruguay
स्पेन की टीम - फोटो : Fifa.com
स्पेन और उरुग्वे के बीच ग्रुप एच का महामुकाबला
ग्रुप एच में स्पेन फिलहाल चार अंकों के साथ शीर्ष पर है। स्पेन यदि उरुग्वे को हरा देता है तो ग्रुप विजेता बन जाएगा। ड्रॉ की स्थिति में भी स्पेन पहले स्थान पर रह सकता है, बशर्ते केप वर्डे सऊदी अरब को पांच या उससे अधिक गोल के अंतर से नहीं हराए। दूसरी तरफ उरुग्वे ने अपने दोनों मैच ड्रॉ खेले हैं। उसके चार अंक नहीं बल्कि दो अंक हैं और यदि वह स्पेन को हरा देता है तो ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल कर सकता है।

FIFA World Cup 2026 Matchday 16: Mbappe vs Haaland Headlines; Knockout Race Intensifies Spain Belgium uruguay
केप वर्डे की टीम - फोटो : ANI/Reuters
केप वर्डे का सपना, सऊदी अरब की उम्मीद
विश्व कप में पहली बार खेल रही केप वर्डे की टीम ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। स्पेन और उरुग्वे जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ ड्रॉ खेलकर उसने सभी को प्रभावित किया। अब अगर केप वर्डे सऊदी अरब को हरा देता है तो वह नॉकआउट में पहुंच सकता है। ड्रॉ की स्थिति में भी उसकी उम्मीदें जिंदा रहेंगी, हालांकि इसके लिए दूसरे मैच का परिणाम उसके पक्ष में होना जरूरी होगा। वहीं सऊदी अरब को अगले दौर में पहुंचने के लिए जीत दर्ज करनी होगी और साथ ही उम्मीद करनी होगी कि उरुग्वे स्पेन को नहीं हरा पाए।

ग्रुप एच का मौजूदा हाल
टीम मैच जीत ड्रॉ हार गोल किए गोल खाए गोल अंतर अंक
स्पेन 2 1 1 0 4 0 +4 4
उरुग्वे 2 0 2 0 3 3 0 2
केप वर्डे 2 0 2 0 2 2 0 2
सऊदी अरब 2 0 1 1 1 5 -4 1

FIFA World Cup 2026 Matchday 16: Mbappe vs Haaland Headlines; Knockout Race Intensifies Spain Belgium uruguay
मिस्र की टीम - फोटो : FIFA.COM
ग्रुप जी में सबसे ज्यादा रोमांच
ग्रुप जी सबसे दिलचस्प स्थिति में है। यहां चारों टीमों के पास अभी भी अगले दौर में पहुंचने का मौका है। मिस्र चार अंकों के साथ पहले स्थान पर है और ईरान को हराकर सीधे ग्रुप विजेता बन सकता है। ड्रॉ भी उसे शीर्ष पर पहुंचा सकता है, यदि बेल्जियम न्यूजीलैंड को तीन या अधिक गोल के अंतर से नहीं हराता। ईरान भी जीत दर्ज कर और बेल्जियम के अंक गंवाने की स्थिति में पहले स्थान पर पहुंच सकता है। बेल्जियम के लिए मुकाबला बेहद अहम है।

2022 विश्व कप में ग्रुप चरण से बाहर होने वाली यह टीम इस बार नॉकआउट में जगह बनाने के लिए हरसंभव कोशिश करेगी। उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ बड़ी जीत की जरूरत है। वहीं न्यूजीलैंड यदि बेल्जियम को हरा देता है और मिस्र, ईरान से नहीं हारता, तो वह पहली बार नॉकआउट दौर में पहुंच सकता है। हार की स्थिति में उसका सफर यहीं समाप्त हो जाएगा।

ग्रुप जी का मौजूदा हाल
टीम मैच जीत ड्रॉ हार गोल किए गोल खाए गोल अंतर अंक
मिस्र 2 1 1 0 4 2 +2 4
ईरान 2 0 2 0 2 2 0 2
बेल्जियम 2 0 2 0 1 1 0 2
न्यूजीलैंड 2 0 1 1 3 5 -2 1


 

FIFA World Cup 2026 Matchday 16: Mbappe vs Haaland Headlines; Knockout Race Intensifies Spain Belgium uruguay
यमाल - फोटो : AP
नॉकआउट की तस्वीर होगी और साफ
ग्रुप चरण के आखिरी दौर में शुक्रवार का दिन कई टीमों के सपनों का फैसला करेगा। कहीं ग्रुप विजेता तय होगा तो कहीं राउंड ऑफ 32 का टिकट मिलेगा। सबसे ज्यादा निगाहें एमबाप्पे और हालंद की भिड़ंत पर रहेंगी, जबकि बेल्जियम, उरुग्वे, मिस्र और ईरान जैसी टीमें भी अपने भविष्य के लिए मैदान पर पूरी ताकत झोंक देंगी। मैचडे-16 के बाद फीफा विश्व कप 2026 के नॉकआउट चरण की तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed