FIFA WC: मेसी पर नहीं हुई कार्रवाई, फिर जवाने पर सख्ती क्यों? फीफा के फैसले पर दक्षिण अफ्रीका ने उठाए सवाल
दक्षिण अफ्रीका के कोच ह्यूगो ब्रूस ने मिडफील्डर थेम्बा जवाने पर लगे तीन मैचों के प्रतिबंध के खिलाफ अपील की बात कही है। उन्होंने अर्जेंटीना और अल्जीरिया मैच में लियोनल मेसी की एक घटना का हवाला देते हुए फैसले पर सवाल उठाए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दक्षिण अफ्रीका के कोच ह्यूगो ब्रूस विश्व कप में लाल कार्ड मिलने के बाद मिडफील्डर थेम्बा जवाने पर लगाए गए तीन मैचों के प्रतिबंध के खिलाफ अपील करना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी लियोनल मेसी से जुड़ी एक घटना का हवाला दिया है।
मेक्सिको के खिलाफ मैच में मिला था लाल कार्ड
मेक्सिको ने पिछले बृहस्पतिवार को दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराया था। इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के तीन खिलाड़ियों को लाल कार्ड दिखाया गया था, जिनमें थेम्बा जवाने भी शामिल थे। मेक्सिको सिटी में खेले गए इस मैच में जवाने को 84वें मिनट में रॉबर्टो अल्वाराडो के चेहरे पर मुक्का मारने के कारण मैदान से बाहर भेज दिया गया था। सामान्य तौर पर इस तरह के मामले में एक मैच का निलंबन दिया जाता है।
फीफा ने बुधवार को कहा कि उसने जवाने की सजा बढ़ा दी है क्योंकि इस घटना को गंभीर फाउल माना गया है। इसके चलते उन पर तीन मैचों का प्रतिबंध लगाया गया है। इस निलंबन का असर दक्षिण अफ्रीका की टीम पर भी पड़ सकता है। यदि टीम अंतिम-16 में पहुंचती है तो जवाने तब तक मैदान पर नहीं उतर पाएंगे।
कोच ह्यूगो ब्रूस ने फैसले पर उठाए सवाल
दक्षिण अफ्रीका के कोच ह्यूगो ब्रूस का मानना है कि जवाने को लाल कार्ड दिखाना काफी सख्त फैसला था। उन्होंने कहा "मुझे लगता है कि लाल कार्ड बहुत सख्त सजा है। मैंने उस घटना को दोबारा देखा जब थेम्बा को लाल कार्ड मिला था। मुझे नहीं लगता कि उसे लाल कार्ड मिलना चाहिए था।"
मेसी की घटना का दिया हवाला
ब्रूस ने अर्जेंटीना और अल्जीरिया के बीच खेले गए मुकाबले का जिक्र करते हुए कहा कि मेसी से जुड़ी घटना में कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा "कल मेसी के साथ जो हुआ, उसे देखकर मैं इस फैसले से सहमत नहीं हूं। मेसी के मामले में वीडियो समीक्षा भी नहीं ली गई। मैं नहीं चाहता कि मेसी को लाल कार्ड मिले और उन्होंने दिखाया भी कि वह कितने शानदार खिलाड़ी हैं, लेकिन इसमें अंतर क्या था।"
स्लो मोशन रिप्ले में दिखा था कि अर्जेंटीना की जीत के दौरान मेसी के जूते के स्टड अल्जीरिया के कप्तान आइसा मंडी की पिंडली पर लगे थे। हालांकि इस घटना पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। गौरतलब है कि इसी मुकाबले में मेसी ने शानदार हैट्रिक लगाई थी और अर्जेंटीना को 3-0 की जीत दिलाई थी।