Lionel Messi-Sunil Chhetri: जब सुनील छेत्री से मिले मेसी! हाथ मिलाया...शाबाशी दी; अर्जेंटीना की जर्सी भेंट की
वानखेड़े में कार्यक्रम का समापन सचिन और मेसी के नाम के नारों के साथ हुआ। हर चेहरा मुस्कुरा रहा था, हर दिल भरा हुआ था। अब दिल्ली में ‘GOAT इंडिया टूर’ का अंतिम पड़ाव होगा, लेकिन वानखेड़े की यह रात हमेशा याद रहेगी।
विस्तार
वानखेड़े स्टेडियम, जिसने भारत को 2011 का वर्ल्ड कप जीतते देखा, विराट कोहली की 50वीं वनडे सेंचुरी का गवाह बना, उसी मैदान पर इस बार खेलों का एक और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। संगीत, फुटबॉल, क्रिकेट, बॉलीवुड और राजनीति, सब एक मंच पर थे। हर कोना मानो ‘पिक्चर ऑफ द डे’ बनने को तैयार था।
कार्यक्रम की शुरुआत एंकर के जोशीले अंदाज से हुई। जैसे ही मेसी के नाम का जिक्र हुआ, स्टेडियम 'मेसी, मेसी, मेसी' के नारों से गूंज उठा। हर आंखें उस पल का इंतजार कर रही थीं, जब फुटबॉल का जादूगर सामने आएगा। वहां मौजूद सचिन तेंदुलकर भी इस ऐतिहासिक पल के गवान बने। इसके बाद जब सचिन के नाम का जिक्र हुआ तो फैंस ने मेसी...मेसी और सचिन...सचिन के नारे लगाने शुरू किए। यह पल रोंगटे खड़े कर देने वाला था।
The way Lionel Messi met Sachin Tendulkar and patted him on the shoulder has my whole heart 🤍🥹. pic.twitter.com/7NgtbC4kms
— 𝐉𝐨𝐝 𝐈𝐧𝐬𝐚𝐧𝐞 (@jod_insane) December 14, 2025
मशहूर डीजे चेतस ने मंच संभाला और बॉलीवुड और इंटरनेशनल गानों से माहौल बना दिया। एड शीरन का गाना ‘सफायर’, 2010 फीफा वर्ल्ड कप एंथम ‘वेभिंग फ्लैग’ और बी प्राक का ‘तेरी मिट्टी’, हर गाना भावनाओं को छूता गया। इसके बाद छात्रों की सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों ने आयोजन को भारतीय रंगों में रंग दिया।
इसके बाद भारतीय सितारों और मित्रा स्टार्स के बीच एक मैत्री फुटबॉल मैच खेला गया। इंडियन स्टार्स की ओर से टाइगर श्रॉफ, जिम सर्भ, फुटबॉलर निखिल पूजारी और बाला देवी मैदान में उतरे। वहीं मित्रा स्टार्स में सुनील छेत्री के साथ बेंगलुरु एफसी के राहुल भेके और छिंगलेनसाना सिंह कोंशाम शामिल रहे।
आखिरकार वह पल आ ही गया, जिसका हर किसी को इंतजार था। लियोनल मेसी अपने इंटर मियामी एफसी के साथी लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल के साथ मैदान में उतरे। स्टेडियम का शोर आसमान छूने लगा। मेसी ने हाथ हिलाकर, मुस्कराकर दर्शकों के प्यार को स्वीकार किया, एक सच्चे महान खिलाड़ी की विनम्रता के साथ।
मैच के बाद दोनों टीमें मेसी से मिलने के लिए कतार में खड़ी हुईं। तभी वह पल आया, जो भारतीय फुटबॉल इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। लियोनल मेसी और सुनील छेत्री आमने-सामने आए, एक-दूसरे को गले लगाया। दो दिग्गज, दो देशों के नायक, सम्मान और भावनाओं से भरा दृश्य। भावनाओं का सबसे खूबसूरत पल तब आया, जब मेसी ने अपनी अर्जेंटीना नंबर 10 वर्ल्ड कप जर्सी, जिस पर उनके हस्ताक्षर थे, सुनील छेत्री को भेंट की।
वायरल वीडियो में छेत्री का ‘धन्यवाद’ सिर्फ शब्द नहीं, बल्कि एक खिलाड़ी की आंखों में छलकता सम्मान था। फिर दोनों ने हाथ मिलाया। मेसी ने फिर छेत्री को शाबाशी भी दी। छेत्री ने भी इस दौरान मेसी नाम की जर्सी ही पहन रखी थी। मेसी मौजूदा समय में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में दूसरे सबसे ज्यादा गोल करने वाले फुटबॉलर हैं, जबकि छेत्री चौथे स्थान पर हैं। इस ऐतिहासिक मुलाकात ने फैंस का दिल जीत लिया।
VIDEO | Mumbai: Global football icon Lionel Messi gifts jersey to Indian football legend Sunil Chhetri.
— Press Trust of India (@PTI_News) December 14, 2025
(Full VIDEO available on PTI Videos – https://t.co/n147TvqRQz) pic.twitter.com/d3RISjmYjf
मेसी और उनके साथियों ने ‘प्रोजेक्ट महादेवा’ से जुड़ी युवा महिला फुटबॉल खिलाड़ियों के साथ समय बिताया। गेंद पास करना, मुस्कान बांटना, इन बच्चियों के लिए यह जिंदगी भर का सपना था। शायद भविष्य की किसी फीफा वर्ल्ड कप खिलाड़ी ने यहीं से अपने सपनों को नई उड़ान दी।
सम्मान, स्मृति और सपनों की बात
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मेसी और उनके साथियों को सम्मानित किया और विशेष स्मृति चिन्ह भेंट किया। ‘प्रोजेक्ट महादेवा’ का औपचारिक शुभारंभ भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन बच्चों को देखकर उन्हें भरोसा है कि भविष्य में ये भारत को फीफा वर्ल्ड कप में खेलते हुए देखा जाएगा।
Messi, De Paul and Suarez were clapping for Sachin Tendulkar. Goosebumps. pic.twitter.com/dxos4Ay7xB
— R A T N I S H (@LoyalSachinFan) December 14, 2025
After watching the events in Kolkata, Hyderabad, and Mumbai.
— GillTheWill (@GillTheWill77) December 14, 2025
It was clear that while Messi met many celebrities, he seemed to ignore most of them. but when he met Sachin Tendulkar, the respect was unmistakable.
A true GOAT recognizing another GOAT 🐐pic.twitter.com/QVJVstLkFQ
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब सचिन तेंदुलकर मंच पर पहुंचे। क्रिकेट के भगवान और फुटबॉल के भगवान एक साथ। सचिन ने मेसी को टीम इंडिया की जर्सी भेंट की। तस्वीरें इतिहास बन गईं। सचिन ने कहा, 'मैंने यहां अनगिनत यादें जी हैं। 2011 के स्वर्णिम पल आपकी वजह से संभव हुए। मेसी के बारे में क्या कहूं? उन्होंने सब कुछ हासिल किया है। उनकी सादगी और समर्पण उन्हें महान बनाता है। उम्मीद है भारतीय फुटबॉल भी ऊंचाइयों तक पहुंचे।