कलाई पर बंधी घड़ी सुन रही है आपकी बातें: एपल वॉच और Amazon Bee कितने मददगार? निजता पर कितना खतरा
- एक रिव्यूअर ने एपल वॉच सीरीज 12 और अमेजन का Bee ब्रेसलेट एक हफ्ते तक पहनकर देखा।
- दोनों गैजेट बातचीत का सार तैयार करते हैं, Bee शब्द-दर-शब्द ट्रांसक्रिप्ट भी रखता है।
- घर की एक बहस सुलझाने में Bee का ट्रांसक्रिप्ट काम आया।
- आइए जानते हैं कि क्या कलाई पर बंदे ये डिवाइज सही हैं या निजता के लिए खतरा?
विस्तार
AI से चलने वाले ऐसे गैजेट अब आ चुके हैं, जो आपकी बातचीत सुन सकते हैं। एक रिव्यूअर ने एक हफ्ते तक 399 डॉलर की Apple Watch Series 12 और अमेजन का 75 डॉलर वाला Bee Frontier पहनकर देखा। मकसद यह परखना था कि याददाश्त में मदद का फायदा निजता की चिंता से बड़ा है या नहीं। ये मेटा ग्लासेज जैसे गैजेट से कम दिखते हैं, इसलिए लोग यह जानकर चौंक गए कि बातचीत रिकॉर्ड हो रही है। नतीजे मिले-जुले रहे।
डिजिटल डायरी और रोजमर्रा के नोट्स
दरअसल एपल वॉच का सिरी रिकैप बातचीत का सार तैयार करता है। घड़ी बातचीत पहचानते ही एन्क्रिप्टेड ऑडियो iPhone को भेजती है, जहां वह टेक्स्ट बनता है और उसका छोटा रूप Apple के प्राइवेट क्लाउड कंप्यूट सर्वर तक जाता है। पूरा ट्रांसक्रिप्ट दिखता नहीं, कुछ मिनट बाद Siri एप में सिर्फ आउटलाइन आती है, जो एक हफ्ते बाद अपने-आप मिट जाती है, अगर आपने उसे सेव न किया हो। इसमें 'हाथ में 40 डॉलर नकद' और 'UPS का पैकेज पहले से लेबल किया हुआ' जैसी बातें दर्ज हुईं। रिव्यूअर को यह किसी बाहरी दिमाग में झांकने जैसा नहीं, बल्कि दिन के अंत में याद ताजा करने जैसा लगा।
घरेलू उलझनें सुलझाने में मददगार
अमेजन का Bee ब्रेसलेट ज्यादा ब्योरेवार नोट्स रखता है, यानी शब्द-दर-शब्द ट्रांसक्रिप्ट, उसका सार और टू-डू लिस्ट जैसे सुझाव। एक सुबह रिव्यूअर और उनके पति दोनों ने यह मानकर योजना बना ली कि बच्चों को दूसरा संभालेगा। विल ने एक दिन पहले अपनी योजना बताई थी, पर रिव्यूअर ने मान लिया था कि उन्होंने साझा कैलेंडर देख लिया होगा। Bee का ट्रांसक्रिप्ट खोला गया तो दिखा कि उसने ने समय कभी बताया ही नहीं था। किसी को पूरी तरह सही नहीं ठहराया जा सका, पर गुत्थी सुलझ गई। ट्रांसक्रिप्ट न लहजा बताता है, न हर शब्द सही पकड़ता है। Bee के पर्सनल इनसाइट्स में दर्ज था कि थैंक्सगिविंग के आसपास पारिवारिक इंतजाम बढ़ रहे हैं।
निजता और रिकॉर्डिंग में कन्फ्यूजन
- रिव्यूअर ने शिष्टाचार और कानूनी जरूरत, दोनों के चलते लोगों से पूछा कि रिकॉर्ड होने में ऐतराज तो नहीं। किसी ने साफ मना नहीं किया।
- उन्होंने लोगों को बताया कि ये गैजेट ऑडियो फाइल नहीं बनाते और सुना हुआ वापस सुनने का कोई तरीका नहीं है।
- Bee में रिकॉर्डिंग के वक्त हरी लाइट जलती है, जबकि सिरी रिकैप चालू होने पर कंट्रोल सेंटर में आइकन चमकता है, पर कोई चाइम नहीं बजती।
- कैलिफोर्निया में निजी बातचीत रिकॉर्ड करने के लिए सभी की सहमति चाहिए। सांता क्लारा यूनिवर्सिटी के कानून प्रोफेसर एरिक गोल्डमैन के मुताबिक, जानकारी निकालने वाला डिवाइस सिर्फ सार रखे तब भी शायद नियमों वाली रिकॉर्डिंग मानी जाएगी।
- Apple और Amazon का दावा है कि डेटा निजी है और कर्मचारी उसे नहीं देख सकते, फिर भी हैक या लीक का डर बना रहता है।
सोशल लाइफ पर इसका कितना असर?
पिछले वीकेंड एक जन्मदिन की पार्टी में बार-बार इजाजत मांगना रिव्यूअर को खटकने लगा। Bee के बटन को दबाकर और Apple Watch पर एक टैप करके उन्होंने रिकॉर्डिंग फीचर बंद कर दिए और राहत महसूस की। यह भी सवाल है कि ये प्रोडक्ट हर जगह फैल गए तो पूछने की यह शिष्टता कब तक टिकेगी। रिव्यूअर का कहना है कि जब पता हो कि कोई डिवाइस सुन रहा है, तो लोग शायद खुलकर बोलना कम कर दें, क्योंकि उन्हें नहीं पता कि ट्रांसक्रिप्ट आगे कहां पहुंचेगा।
तकनीक के इस्तेमाल पर संतुलन जरूरी
नाम और तथ्य कभी-कभी गड़बड़ाने के बावजूद दोनों डिवाइस आमतौर पर सही निकले। रिव्यूअर ने परिवार के सदस्यों को डिमेंशिया से जूझते देखा है, इसलिए सोचा कि यह तकनीक उनके काम आ सकती थी। फिर भी हफ्ते भर का रिकॉर्ड पढ़कर उन्हें अजीब-सी बेचैनी हुई कि यह जरूरत से ज्यादा जानकारी है। उनकी सलाह साफ है: सिर्फ जिंदगी दर्ज करने के लिए ऐसा गैजेट न खरीदें। Apple Watch वैसे भी बदल रहे हों, तो मेमोरी वाले फीचर आजमाना ठीक है। Bee जैसा नोट-टेकर चाहिए तो ध्यान रखें कि वह क्या सुन रहा है, और अगली डिनर पार्टी से पहले उसे उतार दें।
