Heat Pump Technology: AC और Heater दोनों एक ही मशीन में! जानें कैसे काम करती है हीट पंप तकनीक?
Heat Pump Technology: हीट पंप तकनीक एक ही सिस्टम से गर्मियों में कमरे को ठंडा और सर्दियों में गर्म कर सकती है। यह बिजली से सीधे गर्मी पैदा करने के बजाय गर्मी को एक जगह से दूसरी जगह ट्रांसफर करती है। गर्मियों में यह कमरे की गर्मी बाहर निकालती है, जबकि सर्दियों में बाहर मौजूद गर्मी को कमरे के अंदर पहुंचाती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गर्मियों में 45-50 डिग्री की झुलसाने वाली गर्मी और सर्दियों में हाड़ कंपाने वाली ठंड... उत्तर भारत में मौसम के ये दोनों ही रूप हमें हर साल झेलने पड़ते हैं। इन दोनों मौसमों का सीधा असर हमारी जेब पर पड़ता है क्योंकि AC और हीटर का भारी लोड बिजली के बिल को रॉकेट बना देता है।
लेकिन सोचिए, अगर कोई एक ऐसी मशीन हो जो आपको सर्दियों में हीटर वाली गर्मी और गर्मियों में AC वाली ठंडक दे, वह भी आधी बिजली की खपत में? जी हां, हम बात कर रहे हैं विंडो हीट पंप तकनीक की। आइए समझते हैं कि यह तकनीक क्या है और क्या यह भारत में AC की जगह ले सकती है।
विंडो हीट पंप तकनीक क्या है और यह कैसे काम करती है?
बाहर से देखने में यह बिल्कुल आपके घर में लगे विंडो AC जैसा ही लगता है, लेकिन इसके काम करने का तरीका एकदम स्मार्ट है। यह रिवर्सिबल रेफ्रिजरेशन साइकिल तकनीक पर काम करता है। आसान शब्दों में कहें तो यह मशीन खुद से कोई हीटिंग या कूलिंग पैदा नहीं करती, बल्कि यह बस गर्मी को एक जगह से दूसरी जगह शिफ्ट करती है:
- गर्मियों में: यह आपके कमरे की गर्मी को सोखकर घर के बाहर फेंक देता है, जिससे कमरा ठंडा हो जाता है।
- सर्दियों में: यह बाहर की ठंडी हवा में मौजूद थोड़ी-बहुत गर्मी को सोखकर उसे कमरे के अंदर ट्रांसफर कर देता है, जिससे कमरा गर्म हो जाता है।
आम AC और हीटर से कैसे बेहतर है हीट पंप?
- बिजली की भारी बचत: क्योंकि इस मशीन को बिजली जलाकर तापमान 'बनाना' नहीं पड़ता, सिर्फ 'शिफ्ट' करना पड़ता है, इसलिए यह नॉर्मल AC और हीटर के मुकाबले काफी कम बिजली खर्च करती है।
- इन्स्टॉल करने में आसान: बड़े सेंट्रलाइज्ड हीटिंग या कूलिंग सिस्टम को घर में फिट करना एक बड़ा सिरदर्द होता है, लेकिन इसे विंडो AC की तरह आसानी से लगाया जा सकता है।
- किराएदारों के लिए बेस्ट: यह दीवार या घर के साथ परमानेंट फिक्स नहीं होता। आप जब चाहें इसे निकालें और अपने साथ नए घर में शिफ्ट कर लें।
क्या हीट पंप भारत में AC की छुट्टी कर सकता है?
यह तकनीक सुनने में जितनी शानदार लगती है, भारत के लिहाज से इसमें कुछ कमियां भी हैं। सच कहें तो फिलहाल यह भारत में आम AC की जगह लेने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं है। इसके मुख्य कारण हैं:
- कवरेज एरिया कम है: यह बड़े सेंट्रलाइज्ड सिस्टम की तरह पूरे घर को कवर नहीं कर सकता। यह सिर्फ एक कमरे या हॉल के लिए ही कारगर है।
- शोर की समस्या: इस मशीन का एक बड़ा माइनस पॉइंट यह है कि इसमें से काफी आवाज आती है। भारतीय घरों में लोग शांति पसंद करते हैं, इसलिए शोर की वजह से यह कई लोगों को पसंद नहीं आता।
- कीमत और उपलब्धता: अमेरिका जैसे देशों में यह तकनीक काफी हिट है, लेकिन भारत में इसका चलन बहुत कम है। इसे बाहर से इंपोर्ट करना काफी महंगा पड़ता है। वहीं, भारत में 40 से 50 हजार रुपये के बजट में बेहतरीन कंपनियों के AC आसानी से मिल जाते हैं।
- हॉट एंड कोल्ड AC का विकल्प: भारत में पहले से ही ऐसे AC मौजूद और पॉपुलर हैं जो सर्दियों में गर्म और गर्मियों में ठंडी हवा देते हैं। इसलिए लोग नई और महंगी तकनीक अपनाने के बजाय इन्हीं पर भरोसा जताते हैं।
विंडो हीट पंप निश्चित रूप से एक बेहतरीन और बिजली बचाने वाली तकनीक है, जो रूम हीटर को तो आसानी से रिप्लेस कर सकती है। लेकिन भारत की भयंकर गर्मी, इसकी महंगी कीमत और शोर की समस्या को देखते हुए, फिलहाल इसके लिए AC की पूरी तरह जगह ले पाना मुमकिन नहीं लगता।