सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Technology ›   Tech Diary ›   Nothing CEO Carl Pei Predicts End of Apps as AI Agents Take Over Smartphones

Carl Pei: एप्स का जमाना होने वाला है खत्म, नथिंग के सीईओ कार्ल पेई ने बताया कैसा होगा भविष्य का स्मार्टफोन

टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Suyash Pandey Updated Thu, 19 Mar 2026 11:51 AM IST
विज्ञापन
सार

Carl Pei AI Future Smartphones: नथिंग के सीईओ कार्ल पेई के अनुसार, आने वाले समय में स्मार्टफोन्स से पारंपरिक एप्स पूरी तरह गायब हो जाएंगे और उनकी जगह एआई एजेंट्स ले लेंगे। उनका विजन एक ऐसे भविष्य का है जहां स्मार्टफोन एप्स पर नहीं, बल्कि सीधे एआई एजेंट्स पर काम करेंगे।

Nothing CEO Carl Pei Predicts End of Apps as AI Agents Take Over Smartphones
कार्ल पेई - फोटो : एक्स
विज्ञापन

विस्तार

नथिंग के को-फाउंडर और सीईओ कार्ल पेई का मानना है कि स्मार्टफोन का भविष्य सिर्फ आईफोन या एप्स तक सीमित नहीं रहेगा। उनका दावा है कि आने वाले समय में एप्स पूरी तरह गायब हो जाएंगे और हमारे फोन एआई एजेंट्स के जरिए चलाए जाएंगे। हाल ही में ऑस्टिन में हुए SXSW कॉन्फ्रेंस के दौरान एक इंटरव्यू में उन्होंने इस एआई-फर्स्ट डिवाइस के अपने विजन को दुनिया के सामने रखा। इस इंटरव्यू उन्होंने ये बातें सामने रखीं...

Trending Videos

1. एप्स पर निर्भरता होगी खत्म

कार्ल पेई ने साफ शब्दों में कहा, "सॉफ्टवेयर की दुनिया में लोगों को यह समझ लेना चाहिए कि एप्स गायब होने वाले हैं।" उन्होंने स्टार्टअप्स को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनके बिजनेस की पूरी वैल्यू सिर्फ एक एप पर टिकी है तो भविष्य में उन्हें बड़े बदलावों और मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

2. एआई का विकास: बोरिंग से लेकर रोमांचक तक

कार्ल पेई के मुताबिक, एआई का विकास मुख्य रूप से दो चरणों में हो रहा है। पहले चरण को उन्होंने बहुत बोरिंग बताया है, क्योंकि इसमें आज का एआई हमारे लिए सिर्फ फ्लाइट या होटल बुक करने जैसे कमांड-आधारित काम करता है। लेकिन इसका अगला चरण बेहद रोमांचक होने वाला है। भविष्य का एआई सिर्फ आपके आदेशों का पालन नहीं करेगा, बल्कि आपके इरादों और आदतों को लंबे समय तक याद रखेगा। उदाहरण के लिए, अगर आपका लक्ष्य सेहतमंद रहना है तो फोन खुद ही आपको सही चीजों के लिए प्रेरित करेगा। ये सिस्टम आपको इतनी अच्छी तरह से समझने लगेगा कि यह आपको खुद ऐसे शानदार सुझाव देने लगेगा, जिनके बारे में शायद आपने भी न सोचा हो।

3. आज के फोन का तरीका 20 साल पुराना है

पेई इस बात से काफी निराश हैं कि तकनीक में इतने बड़े बदलावों के बावजूद, फोन इस्तेमाल करने का हमारा तरीका आज भी पुराने 'पाम पायलट्स' (Palm Pilots) और PDA डिवाइस जैसा ही है, जिसमें वही पुरानी लॉक स्क्रीन, होम स्क्रीन और अलग-अलग एप्स शामिल होते हैं। PDA (पर्सनल डिजिटल असिस्टेंट) 1990 और 2000 के दशक के शुरुआती दौर के हाथ में पकड़े जाने वाले छोटे कंप्यूटर थे। इन्हें पाम पायलट जैसे ब्रांड्स ने लोकप्रिय बनाया। ये डिवाइस मुख्य रूप से कैलेंडर, कॉन्टैक्ट्स, नोट्स और रिमाइंडर को मैनेज करने के लिए इस्तेमाल होते थे, जिन्हें स्टायलस पेन से चलाया जाता था।


अपनी बात को समझाते हुए उन्होंने एक बड़ा दिलचस्प उदाहरण दिया। मान लीजिए कि आपको किसी के साथ कॉफी पीने जाना है। यह सुनने में बड़ा आसान सा काम लगता है, लेकिन असल में इसे पूरा करने के लिए आपको मैसेजिंग एप, लोकेशन के लिए मैप्स, कैब के लिए उबर और समय तय करने के लिए कैलेंडर जैसे चार अलग-अलग एप्स के बीच उलझना पड़ता है। इसी बात पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि आज के समय में भी फोन पर कोई काम आसानी से पूरा करना बहुत मुश्किल है।

4. भविष्य का स्मार्टफोन कैसा होगा?

भविष्य का ऑपरेटिंग सिस्टम कुछ इस तरह काम करेगा, "मैं आपको बहुत अच्छे से जानता हूं, मुझे पता है आप क्या चाहते हैं और मैं इसे आपके लिए खुद कर दूंगा।" आपको मैन्युअली किसी एप को खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

5. इंसानों के लिए नहीं, एआई के लिए बनेगा इंटरफेस

इसका मतलब यह है कि आने वाले समय में मोबाइल का इंटरफेस इंसानों के चलाने के लिए नहीं, बल्कि एआई एजेंट्स के इस्तेमाल के लिए डिजाइन किया जाएगा। हालांकि, पेई ने यह भी स्पष्ट किया कि एप्स रातों-रात गायब नहीं होंगे। लेकिन भविष्य इस बात में है कि एआई इन एप्स का इस्तेमाल बिना किसी रुकावट के कर सके, न कि किसी इंसान की तरह मेन्यू में जाकर विकल्पों को टैप करके।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News App अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest mobile reviews apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news from Tech and more Hindi News.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed