अयोध्या। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से चलाया जा रहा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान लोकतंत्र की शुद्धता से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है। इस अभियान में सभी बूथ कमेटियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है कि उनके क्षेत्र का कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटने न पाए और कोई भी बोगस मतदाता सूची में शामिल न होने पाए।
प्रदेश अध्यक्ष बृहस्पतिवार को सहादतगंज स्थित भाजपा कार्यालय में महानगर व जिला इकाई की संयुक्त कार्यशाला में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि 16 दिसंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होने के बाद सभी बूथ कमेटियां गंभीरता से सूची का अवलोकन करें। यदि कोई व्यक्ति दो स्थानों से मतदाता बना पाया जाता है या कोई संदिग्ध अथवा फर्जी नाम सूची में दर्ज दिखाई देता है तो इसकी सूचना तत्काल लिखित रूप में चुनाव आयोग को दें। यह अभियान केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने का माध्यम है।
चौधरी ने कहा कि पुनरीक्षण के तहत जिन बूथों की संख्या बढ़ाई गई है, उनके पोलिंग स्टेशनों का भौतिक निरीक्षण जिला व महानगर के पदाधिकारी अवश्य करें। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि चुनाव के दिन मतदाताओं को वहां तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। कार्यशाला में क्षेत्रीय महामंत्री व महानगर प्रभारी विजय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्त, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, महामंत्री शैलेंद्र कोरी, अभियान प्रभारी तिलक राम मौर्य सहित भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।