UP News: आजमगढ़ में गुरुद्वारे की जमीन विवाद पर बढ़ा तनाव, पुलिस ने रुकवाया निर्माण; कोर्ट में चल रहा मामला
Azamgarh News: निजामाबाद कस्बे के ऐतिहासिक गुरुद्वारा का भूमि विवाद का मामला कमिश्नर न्यायालय में विचाराधीन है। इधर, शुक्रवार को विवादित भूमि पर निर्माण कार्य कराने की जानकारी मिलते ही सिख समाज के लोग मौके पर पहुंच गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आजमगढ़ जिले में निजामाबाद कस्बे के ऐतिहासिक गुरुद्वारा की भूमि को लेकर शुक्रवार को विवाद गहरा गया। विवादित भूमि पर निर्माण कार्य शुरू होने की सूचना मिलते ही सिख समुदाय के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और निर्माण का विरोध करने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण रुकवा दिया।
कस्बा निवासी अफजल और असलम द्वारा विवादित भूमि पर निर्माण कराया जा रहा था। इसकी सूचना मिलने पर गुरुद्वारा के जत्थेदार बाबा सतनाम सिंह सहित सिख समाज के लोग मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के समर्थकों के एकत्र होने से क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
इसे भी पढ़ें; स्कूल में छात्र का कत्ल: हाईस्कूल के छात्र ने साथी को चाकू मारकर की हत्या, तनाव के बीच भारी पुलिस फोर्स तैनात
जत्थेदार बाबा सतनाम सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ लोग कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर गुरुद्वारा की भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भूमि विवाद का मामला वर्तमान में कमिश्नर न्यायालय में विचाराधीन है और इसकी अगली सुनवाई 18 जून को निर्धारित है। ऐसे में न्यायालय में मामला लंबित रहने के बावजूद निर्माण कार्य कराना नियमों के विपरीत है।
मामले की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निजामाबाद राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य तत्काल बंद करा दिया। उन्होंने दोनों पक्षों को निर्देश दिया कि राजस्व विभाग की जांच और न्यायालय के अंतिम निर्णय तक विवादित भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा।
थाना प्रभारी आरके सिंह ने चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था भंग करने अथवा न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की तत्परता से स्थिति नियंत्रण में रही और बाद में दोनों पक्ष शांतिपूर्वक अपने-अपने घर लौट गए।
फिलहाल गुरुद्वारा भूमि विवाद को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और अब सभी की निगाहें 18 जून को होने वाली न्यायालय की सुनवाई पर टिकी हैं।