बूढ़नपुर। तहसील क्षेत्र के अतरैठ गांव की मौर्या बस्ती में सीसी रोड पर जलजमाव की समस्या से लोग परेशान हैं। रोड पर हमेशा पानी भरे रहने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन कर नाराजगी जताई।
गांव की राधिका, मंजू, इंद्रजीत ने बताया कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर कीचड़ और फिसलन बनी रहती है, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। बरसात के समय तो स्थित और नरकीय हो जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं बन पाई है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द पानी निकासी की व्यवस्था और क्षतिग्रस्त सड़क के मरम्मत की मांग की। इस मौके पर पुष्पा, संध्या, मेवा यादव, विजयराज यादव, गायत्री प्रजापति आदि मौजूद थे।