सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ballia News ›   Stone pelting on the team that went to remove encroachment in ballia

बलिया में बवाल: अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव, डेढ़ घंटे चला उपद्रव, 10 राउंड आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े

संवाद न्यूज एजेंसी, पंदह (बलिया) Published by: आकाश दुबे Updated Tue, 03 Feb 2026 07:59 PM IST
विज्ञापन
सार

गड़ही में अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व और पुलिस टीम को ग्रामीणों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई शुरू होते ही पुलिस और ग्रामीण आमने-सामने आ गए, जिसके बाद जमकर पथराव हुआ। 

Stone pelting on the team that went to remove encroachment in ballia
हंगामा करते लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
Follow Us

यूपी के बलिया जिले के खेजुरी थाना क्षेत्र के हथौज गांव में मंगलवार को ग्राम सभा की गड़ही से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व और पुलिस टीम को तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई शुरू होते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते पुलिस व ग्रामीण आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को करीब दस राउंड आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े, लेकिन सैकड़ों की संख्या में मौजूद महिलाएं और पुरुष डटे रहे।

Trending Videos

करीब डेढ़ घंटे तक चले हंगामे और टकराव के बाद पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने सरकारी गड़ही पर अवैध रूप से निर्मित दो मकानों को जमींदोज करा दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

विज्ञापन
विज्ञापन

चार बीघा गड़ही, छह डिसमिल पर कब्जे का आरोप
ग्राम सभा की करीब चार बीघा क्षेत्रफल वाली गड़ही के एक किनारे गांव के रामगोविंद और रामबचन का मकान बना हुआ था। गांव निवासी सिद्धार्थ रंजन ने आरोप लगाया कि दोनों ने करीब छह डिसमिल भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराया है। 15-सी की कार्रवाई में अतिक्रमण की पुष्टि भी हुई, लेकिन स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने पर फरवरी 2024 में हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई। दिसंबर 2024 में उच्च न्यायालय ने अतिक्रमण हटाने का स्पष्ट आदेश दिया था। आदेश के बावजूद कार्रवाई लंबित रहने पर याचिकाकर्ता ने अवमानना (कंटेंप्ट) याचिका दाखिल कर दी, जिसकी अगली सुनवाई छह फरवरी को प्रस्तावित है।

सुनवाई से तीन दिन पहले पहुंचा प्रशासन
कंटेंप्ट की सुनवाई से तीन दिन पूर्व मंगलवार को प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा। पीड़ित परिवार को पहले ही नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने की सूचना दी गई थी और उन्होंने अपना सामान बाहर निकाल भी लिया था। प्रभारी तहसीलदार एवं अपर जिला मजिस्ट्रेट देवेंद्र कुमार पाण्डेय, नायब तहसीलदार सीपी यादव, 10 लेखपाल, चार कानूनगो तथा खेजुरी, पकड़ी, मनियर व सिकंदरपुर थाने की पुलिस मौके पर मौजूद रही।

अधिकारी जब लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे थे, तभी कुछ युवकों ने जेसीबी पर अचानक पथराव शुरू कर दिया। इससे अफरातफरी मच गई। अभी अधिकारी और कर्मचारी कुछ समझ पाते ग्रामीणों ने पुलिस और राजस्वकर्मियों पर ईंट-पत्थर चलाने लगे। इसमें कुछ लेखपाल, कानूनगो और पुलिसकर्मी चोटिल भी हो गए। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस को आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा, लेकिन विरोध जारी रहा और प्रशासनिक टीम को कुछ समय के लिए पीछे हटना पड़ा।

अतिरिक्त बल पहुंचते ही पलटा माहौल
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ खेजुरी मिथिलेश कुमार ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए अतिरिक्त बल की मांग की। करीब डेढ़ घंटे बाद सुखपुरा और गड़वार थाने की पुलिस तथा पीएसी बटालियन के पहुंचने पर दोबारा कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान फिर से विरोध का प्रयास हुआ, लेकिन पुलिस बल ने सख्ती दिखाते हुए स्थिति नियंत्रित कर ली और दोनों मकानों को ढहा दिया। सूचना पर एएसपी उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल भी मौके पर पहुंच गए और हालात का जायजा लिया।

उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में ग्राम सभा की गड़ही पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया है। गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा जनहित याचिका दायर की गई थी, जिसके क्रम में आज यह कार्रवाई की गई है। - देवेंद्र कुमार पाण्डेय, प्रभारी तहसीलदार/अपर जिला मजिस्ट्रेट, सिकंदरपुर
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed