यूपी: लखनऊ-बाराबंकी हाईवे पर देर रात भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौत; एक गंभीर रूप से घायल
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और शवों को कब्जे में लेकर पहचान की कार्रवाई शुरू की।
विस्तार
लखनऊ-बाराबंकी हाईवे पर आलापुर के पास बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। तेज रफ्तार हाफ डाला मालवाहक ने बाइक को चपेट में लेने के बाद कार में भी टक्कर मार दी। कार सवार एक मासूम बच्ची समेत तीन लोग भी घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और शवों को कब्जे में लेकर पहचान की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार बाइक और कार लखनऊ की ओर से बाराबंकी शहर की तरफ आ रहे थे। आलापुर के पास बाइक सवार कार को ओवरटेक करने लगे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार हाफ डाला आ गया।
बाइक सवार संभल पाते, इससे पहले ही मालवाहक की जोरदार टक्कर बाइक में लगी। उसके बाद हाफ डाला कार से भी जा टकराया। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर दो को मृत घोषित कर दिया गया।
मृतकों में रामसनेहीघाट के बरजोर पुरवा गांव निवासी श्रवण कुमार (39) की पहचान पुलिस ने कर ली है। दूसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। इसी गांव के अमित (35) और धर्मराज (32) के नाम सामने आए हैं। इनमें से कौन मृतक है और कौन घायल, इसकी पुष्टि के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
हादसे में कार सवार एक मासूम बच्ची समेत तीन लोगों के घायल होने की भी जानकारी है। लेकिन घटनास्थल से ही उनके परिजन उन्हें किसी निजी अस्पताल ले गए हैं। देर रात तक का सेम टी तमाम पुलिस बल जिला अस्पताल में मौजूद रहा। एसपी अर्पित विजयवर्गीर ने बताया कि सड़क हादसे की जांच की जा रही है।
चार-पांच सेकेंड में दो बार गूंजी धड़ाम की आवाज, सड़क पर बिखर गया मातम
शहर कोतवाली से मात्र दो किलोमीटर दूर रात करीब 11 बजे तक चहल-पहल से गुलजार रहने वाले आलापुर बाजार में बुधवार रात अचानक चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले तेज टक्कर की आवाज सुनाई दी और चार-पांच सेकेंड बाद फिर धड़ाम की आवाज गूंजी। आसपास से गुजर रहे लोग जब मौके पर पहुंचे तो सड़क पर बाइक पड़ी थी। दो युवक गंभीर हालत में पड़े थे, जबकि तीसरा खून से लथपथ था। कुछ ही दूरी पर कार भी क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की पिछली सीट के पास एक खिलौना पड़ा था। कार से दो लोग बाहर निकले और एक बच्चे को गोद में लिए हुए थे। हादसे की गंभीरता देख आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। कुछ ही देर में मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। शहर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने पुलिसकर्मियों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
शहर के पास हादसा, अस्पताल में जुटी भीड़
शहर के बिल्कुल नजदीक हुए इस भीषण हादसे की खबर फैलते ही जिला अस्पताल में भीड़ जुटने लगी। घायलों की स्थिति जानने के लिए लोग अस्पताल पहुंचते रहे। राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने अधिकारियों से फोन पर घायलों के इलाज की जानकारी ली। उन्होंने हादसे के कारणों की जांच कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
सुबह नौ बजे गांव से निकले थे तीनों
पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले श्रवण कुमार टेंट लगाने का काम करते थे और गांव से मजदूरों को भी अपने साथ काम पर ले जाते थे। बुधवार सुबह करीब नौ बजे वह अमित और धर्मराज को बाइक पर लेकर लखनऊ की ओर गए थे। देर रात लौटते समय आलापुर के पास हादसा हो गया। श्रवण के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया।