UP News: बरेली से नोएडा की उड़ान एक जुलाई से, सप्ताह में चार दिन होगी फ्लाइट, शेड्यूल जारी
बरेली-नोएडा के बीच सफर अब और आसान हो गया है। बरेली से नोएडा के लिए हवाई सेवा एक जुलाई से शुरू हो जाएगी। यह उड़ान सप्ताह में चार दिन होगी। इसका शेड्यूल जारी कर दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली से नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के लिए उड़ान एक जुलाई से शुरू होगी। इंडिगो एयरलाइंस ने बृहस्पतिवार को इसका शेड्यूल जारी कर दिया है। सप्ताह में चार दिन नोएडा से उड़ान भरकर फ्लाइट सुबह 11:20 बजे विमान बरेली एयरपोर्ट पर उतरेगा। यहां से दोपहर एक बजे वापसी होगी।
जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद से ही बरेली एयरपोर्ट के अधिकारियों ने नोएडा और दिल्ली के लिए फ्लाइट संचालन की तैयारी शुरू कर दी थी। इंडिगो एयरलाइंस ने सर्वे भी किया था और प्रस्ताव बनाकर डीजीसीए को भेजा था। फिलहाल नोएडा के लिए फ्लाइट संचालन की अनुमति मिली है। इंडिगो का 78 सीटर एटीआर-72 उड़ान भरेगा। सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को फ्लाइट का संचालन होगा। अभी बरेली से बंगलूरू और नवी मुंबई के लिए इंडिगो की फ्लाइट संचालित होती है।
बरेली समेत आसपास के कारोबारी भी काफी समय से दिल्ली की फ्लाइट की मांग कर रहे थे। नोएडा में जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनकर तैयार होने के बाद से ही उड़ान शुरू होने की उम्मीद थी। बृहस्पतिवार को बरेली से नोएडा की उड़ान का शेड्यूल जारी कर दिया गया।
अब दिल्ली भी दूर नहीं
एयरलाइंस प्रतिनिधि के मुताबिक, अब दिल्ली भी दूर नहीं रहेगी। नोएडा से मेट्रो के जरिये नई दिल्ली पहुंचना आसान है। टैक्सी सेवाएं भी हैं। कहा कि बरेली से बड़ी संख्या में कारोबारियों, व्यापारियों की नोएडा, दिल्ली आवाजाही होती है। फ्लाइट से यात्रा बेहतर होगी। सर्वे में 70 फीसदी से एयर ट्रैफिक का अनुमान जताया गया है।
अचानक बंद हो गई थी दिल्ली, जयपुर की उड़ान
बरेली से दिल्ली के लिए रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत उड़ान शुरू हुई थी, लेकिन दो साल पूर्व इसे अचानक बंद कर दिया गया। बताते हैं कि एलायंस एयर की सेवाएं बेहतर न होने और लेटलतीफी से दिल्ली के लिए यात्रियों की संख्या न मिलने की अड़चन थी। दिल्ली की उड़ान से पांच माह पूर्व जयपुर की फ्लाइट बंद हो गई थी।