UP News: बरेली में जल जीवन मिशन का ओवरहेड टैंक ढहा, पांच लोग घायल; डेढ़ साल पहले बना था
बरेली के आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक की सरदार नगर ग्राम पंचायत में जल जीवन मिशन के तहत बना ओवरहेड टैंक अचानक भरभराकर गिर गया। इस घटना में गांव के पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत सरदारनगर में 3.62 करोड़ रुपये की लागत से डेढ़ साल पहले बना 60 फीट ऊंचा ओवरहेड टैंक सोमवार शाम साढ़े पांच बजे भरभराकर गिर गया। वहां ताश पत्ते खेल रहे गांव के डोरीलाल (32), अर्जुन (30), वीरपाल (48), रविंद्र (50), नन्कू उर्फ वेदपाल (45) मलबे में दबकर घायल हो गए। इस हादसे ने सरकारी भवनों के निर्माण में जड़ तक फैले भ्रष्टाचार को भी बेपर्दा कर दिया।
घटिया सामग्री का इस्तेमाल का आरोप
गांव सरदारनगर में बना पुराना ओवरहेड टैंक खराब हो गया था। तीन साल पहले यहां नए ओवरहेड टैंक का निर्माण शुरू हुआ जो डेढ़ साल पहले बनकर तैयार हुआ था। तब से नए टैंक से ही ग्रामीणों को जलापूर्ति की जा रही थी। ग्रामीणों का आरोप है कि यह ओवरहेड टैंक घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर बनाया गया था। बारिश के बाद सोमवार शाम साढ़े पांच बजे इसके पिलर धंस गए और पलक झपकते ही पूरा ओवरहेड टैंक धराशाई हो गया। हादसे के वक्त भी ओवरहेड टैंक में पानी भरा था।
एक घायल की हालत गंभीर
सूचना पर सीओ आंवला नितिन कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए शहर के अस्पताल भिजवाया। प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और अन्य लोगों के दबे होने की आशंका में ओवरहेड टैंक के मलबे को जेसीबी से हटवाया गया। सीओ ने बताया कि गनीमत रही कि स्थानीय लोग ओवरहेड टैंक से थोड़ी दूरी पर थे, इसलिए उनको ज्यादा चोट नहीं लगी। केवल एक घायल की हालत गंभीर है। मौके पर बचाव अभियान जारी है। ग्रामीणों के मुताबिक, मलबे में किसी के दबे होने की आशंका नहीं है।
ग्रामीण बोले- सरकारी धन का हुआ था बंदरबांट
सरदार नगर में जल जीवन मिशन के तहत डेढ़ साल पहले तैयार हुआ ओवरहेड टैंक घटिया निर्माण का नायाब नमूना था। अब साबित हुआ है कि सरकारी धन का बंदरबांट कर इसे बनाया गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने एनसीसी कंस्ट्रक्शन कंपनी के जिम्मेदारों व ठेकेदार अमरीश पर घटिया सामग्री इस्तेमाल का आरोप लगाया है। प्रधान से लेकर ग्रामीण तक उन दिनों भी नाराजगी जताते रहे लेकिन निर्माण की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो सका।
सरदार नगर की प्रधान नसरीन फातिमा और उनके पति सरताज ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत करीब डेढ़ साल पहले एनसीसी कंस्ट्रक्शन कंपनी ने ओवरहेड टैंक का निर्माण किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें घटिया सामग्री का प्रयोग हुआ। टैंक में पिलर खड़े कर ऊपर पानी भरने के लिए कोई पुख्ता निर्माण नहीं किया गया। यहां बैलून का टैंक बनाकर उसे टीन से ढका गया था। सरताज ने बताया कि इसकी शिकायत कई बार ठेकेदार अमरीश से की गई पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
गांव निवासी संजीव पाठक ने बताया कि कंस्ट्रक्शन कंपनी की विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार शिकायत की। उन्होंने एक बार तो छह कट्टे सीमेंट लिंटर डालने पहुंचे ठेकेदार को वापस लौटा दिया था। गांव निवासी सचिन चौहान ने भी ठेकेदार अमरीश से मानक के अनुसार सामग्री लगाने को कहा था। इसके बावजूद ठेकेदार ने घटिया निर्माण सामग्री से ही ओवरहेड टैंक तैयार कर दिया, उसके खिलाफ की गई हर शिकायत अनसुनी कर दी गई।
ओवरहेड टैंक जब गिरा तो मलबे के साथ ही उसमें भरा पानी भी एक साथ नीचे गिर पड़ा। आमतौर पर ऑपरेटर टिंकू शर्मा इसी के नीचे बने कक्ष में रहते थे, गनीमत रही कि वह वहां नहीं थे, जिससे उनकी जान बच गई। गांव निवासी संजय सिंह चौहान ने बताया कि टैंक के पास कल्याण सिंह के मकान में सुबह-शाम कई बच्चे ट्यूशन पढ़ने आते हैं। इसके अलावा, टैंक के पास तालाब किनारे पेड़ों की छाया में 10 से 20 ग्रामीण दोपहर में हमेशा बैठे रहते हैं। गनीमत रही कि हादसे के वक्त इनमें से कोई वहां मौजूद नहीं था। घटना से इलाके में दहशत फैल गई।