बरेली में नाबालिग से दुष्कर्म: पंचायत ने कराया शादी पर समझौता, मामला तूल पकड़ने पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट
बरेली के शीशगढ़ क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में हुई पंचायत ने आरोपी से पीड़िता की शादी कराने पर समझौता करा दिया। मामला तूल पकड़ा तो मंगलवार को आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इस मामले में पुलिस पर भी आरोप लग रहे हैं।
विस्तार
बरेली के शीशगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर आरोपों के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ गए हैं। पुलिस ने पहले आरोपी और पीड़िता के परिवार के बीच समझौते के तहत शादी कराने का प्रयास किया। हालांकि, मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद मंगलवार सुबह आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
एक महिला ने 16 सितंबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने गांव के नरेंद्र उर्फ छोटे पर अपनी नाबालिग बेटी का लंबे समय से शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया था। शिकायत में बताया गया कि आरोपी डरा-धमकाकर और फोटो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करता था।
पीड़िता की मां के अनुसार, उसकी बेटी पिछले कुछ समय से काफी डरी-सहमी रहती थी। शिकायत में 14 फरवरी, 14 जून और 6 जुलाई 2026 को हुई तीन घटनाओं का विशेष उल्लेख है। मां ने आरोपी के पिता गोकरन लाल से शिकायत की थी। इसके बाद पिता-पुत्र ने उसे और उसके इकलौते बेटे को जान से मारने की धमकी दी।
पंचायत में शादी पर 'समझौता'
शिकायत थाने पहुंचने के बाद एक पंचायत बुलाई गई। पंचायत में कुछ लोगों ने आरोपी की शादी करने की बात कही। फैसला हुआ कि किशोरी के बालिग होने के एक साल बाद आरोपी उससे शादी करेगा। इसके बाद 21 सितंबर सोमवार को नाबालिग की गोद भराई की रस्म की गई और आरोपी का टीका भी कर दिया गया।
अधिकारियों के संज्ञान के बाद कार्रवाई
पंचायत के बाद रात में मामला तूल पकड़ गया। यह घटनाक्रम उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। मंगलवार सुबह पीड़िता किशोरी को थाने बुलाकर आरोपी नरेंद्र उर्फ छोटे के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया। इस पूरे प्रकरण में शीशगढ़ के नए थाना प्रभारी की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो गए हैं।