Budaun: सपा सांसद आदित्य यादव का सरकार पर निशाना, कहा- देश में बढ़ रही बेरोजगारी और महंगाई
सपा सांसद आदित्य यादव रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र बदायूं पहुंचे। उन्होंने यहां अपने आवास पर पत्रकार वार्ता की। इस दौरान सपा सांसद ने सरकार पर जमकर निशाना साधा।

विस्तार
बदायूं में तीन दिवसीय दौरे पर शहर पहुंचे सपा सांसद आदित्य यादव ने रविवार को अपने आवास पर प्रेसवार्ता कर केंद्र सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि नेपाल में फंसे बदायूं संसदीय क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए उन्होंने सरकार को पत्र लिखा था, जिसके बाद सभी लोग सकुशल घर लौट आए।

सांसद ने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, टीईटी पर शिक्षकों का विरोध और बाढ़ की गंभीर स्थिति जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि विकास कार्य तो हुए ही नहीं, बल्कि सरकार में शामिल लोग खुद स्वीकार कर रहे हैं कि किस तरह घूस और भ्रष्टाचार के नाम पर पैसा लिया जाता है।
यह भी पढ़ें- UP: शाहजहांपुर में 15 दिन की बच्ची को नदी किनारे जिंदा दफनाया, जमीन से रोने की आवाज आने पर चला पता
उपराष्ट्रपति चुनाव पर आदित्य यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन एकजुट रहा। भले ही चुनाव हारे हों, लेकिन यह संदेश पूरे देश में गया है कि गठबंधन भ्रष्ट और बेईमान सरकार के खिलाफ मजबूती से खड़ा है। जीएसटी दरों में कटौती होने पर सांसद ने कहा कि विपक्ष लंबे समय से इसकी मांग कर रहा था। उन्होंने सवाल उठाया कि अब तक जनता से जो लूटा गया उसकी भरपाई कौन करेगा।
प्रधानमंत्री पर निशाना साधा
मणिपुर मुद्दे पर सपा सांसद ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पास हर जगह जाने का समय था, लेकिन मणिपुर जाने का समय नहीं था। आज जब हालात बिगड़ गए तो प्रधानमंत्री राजनीतिक फायदा उठाने वहां पहुंच रहे हैं। सांसद ने विपक्ष पर विदेशी ताकतों के आरोपों को भी खारिज करते हुए कहा कि प्रदेश और केंद्र दोनों जगह भाजपा की सरकार है, तो जांच क्यों नहीं कराई जाती।
विजन 2047 कार्यक्रम पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 2047 का रोडमैप दिखाने से पहले जनता को मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए। बाढ़ में लोग फंसे रहते हैं, बेरोजगारी और महंगाई बढ़ रही है। ऐसे में यह विजन जनता को गुमराह करने वाला है।