UP News: जानिए कौन है वीरेंद्र चारण, जिसने दिशा पाटनी के घर पर कराई फायरिंग; दिल्ली में गुर्गा गिरफ्तार
अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने की जिम्मेदारी लेने वाले वीरेंद्र चारण और महेंद्र सारण दोनों राजस्थान के चुरू जिले के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि दोनों विदेश में है। पुलिस ने दोनों की कुंडली खंगाली तो यह जानकारी सामने आई है।

विस्तार
बरेली में बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर हमले की जिम्मेदारी लेने वाला गोल्डी बरार का गुर्गा वीरेंद्र चारण फिलहाल विदेश में बताया जा रहा है। उसके खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी हो चुका है। अब बरेली पुलिस उसके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

बरेली पुलिस ने हमले की जिम्मेदारी लेने वाले वीरेंद्र चारण व महेंद्र सारण की कुंडली खंगाली तो पता लगा कि दोनों ही देश से बाहर हैं। उन्होंने अपने शूटरों से यह घटना कराई है। पुलिस को वीरेंद्र चारण के बारे में काफी जानकारी मिल गई है। वह राजस्थान के जिला चुरू की तहसील सुजानगढ़ के गांव बोवासेर चरणान का निवासी है। उसका जन्म वर्ष 1987 में हुआ था। उसने बंगाली पहचान ओढ़कर कोलकाता निवासी दिलीप रजाक नाम से आईडी व पासपोर्ट बनवाकर इटली, दुबई व तुर्की की यात्रा कर चुका है।
यह भी पढ़ें- दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग: बंट गए गैंगस्टर, वायरल हो रही ऑडियो रिकॉर्डिंग; 'लॉरेंस देश का सबसे बड़ा गद्दार'
चारण के खिलाफ हत्या, फिरौती, सुपारी, रंगदारी मांगने और असलहों की तस्करी के कई मुकदमे दर्ज हैं। कुछ साल पहले राजस्थान के अनूपगढ़ जिले की पुलिस ने उसे 12 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। वहीं से उसका वारंट जारी हुआ और अब 14 मई 2024 को उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी हो चुका है।
दिल्ली में गिरफ्तार हुआ चारण का गुर्गा अंकित
बरेली पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक वीरेंद्र चारण अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर रोहित गोदारा (गोल्डी बरार का साथी) का दाहिना हाथ है। बताया जा रहा है कि दिशा पाटनी के घर हुई फायरिंग के कुछ घंटे बाद ही दिल्ली में रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण का एक शार्प शूटर अंकित गिरफ्तार किया गया है।
हरियाणा के भिवानी निवासी अंकित से दिल्ली के आजादपुर मंडी में पुलिस की मुठभेड़ हो गई। अंकित से पुलिस ने बाइक, पिस्टल और रोहित गोदारा व वीरेंद्र चारण का नाम लिखी पर्ची बरामद की है। अंकित बरेली पुलिस के रडार पर भी आ गया है।