बस्ती में हादसा: अनियंत्रित कार ने दो बाइकों को रौंदा, मकान की दीवार तोड़कर पलटी; चार लोग घायल
गुरुवार देर रात बसहवा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक अनियंत्रित कार ने दो बाइकों को टक्कर मारी। इसके बाद कार अरुण गुप्ता के मकान की दीवार तोड़कर पलट गई, जिसमें चार लोग घायल हो गए।
विस्तार
बस्ती नगर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बसहवा गांव के पास गुरुवार देर रात करीब एक बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। बस्ती से अयोध्या की ओर जा रही एक अनियंत्रित कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। इसके बाद कार सीधे अरुण गुप्ता पुत्र स्वर्गीय रामनारायण गुप्ता के मकान की दीवार तोड़ते हुए पलट गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए।
घायलों की पहचान सद्दाम हुसैन (30) पुत्र मोहम्मद हुसैन, मुलायम यादव (28) पुत्र जनार्दन यादव, विशाल विश्वकर्मा (20) पुत्र रामतेज विश्वकर्मा और मुबारक अली (27) पुत्र मोहम्मद अली के रूप में हुई है। सभी कुड़ी गांव, थाना नगर, जनपद बस्ती के निवासी बताए गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनका उपचार शुरू किया गया। विशाल विश्वकर्मा की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे में कार की टक्कर से मकान की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।