बिजनौर में बड़ी वारदात: दंपती की निर्मम हत्या, पति का शव पेड़ से लटकाया, पत्नी को तने से बांधा
बिजनौर के जलालपुर काजी में पति-पत्नी के शव अलग-अलग जगह मिले। महिला का शव गंगा में गिरे पेड़ से दुपट्टे के सहारे बंधा था, जबकि पति का शव करीब डेढ़ किलोमीटर दूर पेड़ पर फंदे से लटका मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिजनौर जनपद के जलालपुर काजी में पति-पत्नी के शव अलग-अलग स्थानों पर मिलने से सनसनी फैल गई। सोमवार को खेत पर चारा और लकड़ी लेने गए 45 वर्षीय देशराज उर्फ छोटे और उनकी पत्नी सुषमा देर तक घर नहीं लौटे।
मंगलवार को तलाश के दौरान सुषमा का शव गंगा के पानी में गिरे पेड़ से बंधा मिला, जबकि करीब डेढ़ किलोमीटर दूर देशराज का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पुलिस दोनों की मौत के मामले की जांच कर रही है।
खेत में मिलीं चप्पल और खून के निशान
सोमवार सुबह करीब 10 बजे देशराज पत्नी सुषमा के साथ गंगा खादर स्थित खेत पर चारा और लकड़ी लेने गया था। दोपहर बाद तक दोनों घर नहीं लौटे तो बेटी कामिनी ने छोटे भाई हनी को खेत पर भेजा।
हनी को खेत में उसके माता-पिता नहीं मिले। खेत के पास चकरोड पर उसकी मां की चप्पल पड़ी थी, जबकि कुछ दूरी पर पिता की चप्पल मिली। पास में खून भी पड़ा था। यह देखकर हनी घबरा गया और घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी।
इसके बाद गांव के लोग गंगा खादर स्थित खेत पर पहुंचे। शुरुआत में ग्रामीणों ने किसी जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई और वन विभाग को सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन सोमवार देर शाम तक दोनों का पता नहीं चल सका।
मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने दोबारा दोनों की तलाश शुरू की। गंगा के तट और पानी में तलाश के दौरान सुषमा का शव पानी में गिरे शहतूत के पेड़ में फंसा दिखाई दिया। पुलिस ने पानी में उतरकर जांच की तो महिला का गला दुपट्टे से बंधा था और दुपट्टे के जरिए शव पेड़ से बंधा हुआ था। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया।
डेढ़ किलोमीटर दूर पेड़ पर मिला पति का शव
सुषमा का शव मिलने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने देशराज की तलाश शुरू की। करीब डेढ़ किलोमीटर दूर उसका शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पुलिस के मुताबिक फंदा बाइक के क्लच के तार से बनाया गया था।
मौके पर देशराज के कपड़े नहीं मिले और उसके शरीर पर उसकी पत्नी की सलवार थी। इस स्थिति को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव
पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। मृतक दंपती अपने पीछे दो बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं।
पुलिस बोली-जांच के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर
एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि महिला का शव गंगा से बरामद हुआ है, जबकि उसके पति का शव पेड़ पर लटका मिला। मामले की जांच की जा रही है और जल्द आरोपियों को पकड़ने की बात कही गई है।