चंदौली: प्लास्टिक कबाड़ से दाना बनाने वाली फैक्टरी में भीषण आग, मशीनों समेत सब कुछ जलकर राख
मुगलसराय के औद्योगिक नगर में मंगलवार देर रात प्लास्टिक कबाड़ से दाना बनाने वाली फैक्टरी में आग लग गई। मुगलसराय और वाराणसी की दमकल टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग बुझाई। फैक्टरी की मशीनें और सामान जलकर राख हो गए।
विस्तार
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक नगर में प्लास्टिक कबाड़ से दाना बनाने वाली फैक्टरी में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से फैक्टरी में रखा सामान और मशीनें जलकर राख हो गईं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। मुगलसराय और वाराणसी से पहुंची दमकल टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कुछ ही देर में आग ने लिया विकराल रूप
बताया गया कि फैक्टरी औद्योगिक नगर पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर स्थित है। मंगलवार देर रात अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। फैक्टरी में प्लास्टिक का कबाड़ और उससे दाना बनाने का सामान रखा था। इसके चलते आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में फैक्टरी से ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा। यह देखकर आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई।
दो जिलों से पहुंची दमकल की टीमें
स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इसके बाद मुगलसराय और वाराणसी की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं। प्लास्टिक का कबाड़ और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग बुझाने में काफी परेशानी हुई। दमकल कर्मियों ने घंटों तक प्रयास करने के बाद आग पर काबू पाया।
मशीनें और फैक्टरी का सामान जलकर राख
हादसे में फैक्टरी की मशीनें और उसमें रखा सामान पूरी तरह जल गया। इससे भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन नहीं हो सका था। घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है।