औड़िहार। क्षेत्र के गैबिपुर स्थित गौतम स्पोर्ट्स अकादमी में रविवार को अंडर-17 व अंडर-19 आयु वर्ग के बालक और बालिका वर्ग की जिला बॉक्सिंग टीम के चयन के लिए ट्रायल आयोजित किया गया। डिस्ट्रिक्ट एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन की ओर से हुए ट्रायल में जिले के 65 मुक्केबाजों ने प्रतिभाग किया। इनमें से 16 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
डिस्ट्रिक्ट एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि अंडर-17 आयु वर्ग के बालिका वर्ग में 46 किग्रा भार वर्ग में संध्या कुमारी, 48 किग्रा में खुशी यादव और 50 किग्रा में चांदनी मौर्य का चयन किया गया है। वहीं बालक वर्ग में 50 किग्रा में मुहम्मद उस्मान, 54 किग्रा में सूरज गुप्ता, 57 किग्रा में सुहैब खान और 60 किग्रा में शिवम यादव का चयन हुआ है। अंडर-17 वर्ग के चयनित मुक्केबाज 25 से 27 मार्च के बीच गाजियाबाद के महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
वहीं अंडर-19 बालक वर्ग में 50 किग्रा में अरविंद कुमार, 55 किग्रा में अजीत यादव, 60 किग्रा में हर्ष पाठक, 65 किग्रा में आदित्य सिंह, 70 किग्रा में सुशांत पांडेय और 75 किग्रा में अमृत गुप्ता का चयन किया गया है,जबकि अंडर-19 बालिका वर्ग में 48 किग्रा में साधना राजभर, 51 किग्रा में फलक खातून और 54 किग्रा में पूनम यादव का चयन जनपदीय टीम के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ी 31 मार्च से 5 अप्रैल के बीच हापुड़ के मूलचंद त्यागी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इस मौके पर जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के संयुक्त सचिव जयहिंद यादव, नीलेश यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।