लापता महिला की मिली लाश: तीन दिन से खोज रहे थे परिजन, उठे सवाल- घर से खेत में कैसे पहुंची; होगा पोस्टमार्टम
Ghazipur News: जिले के इंग्लिशपुर ईंट भट्ठे के पास खेत में 60 वर्षीय सितारा देवी का शव मिला। वह तीन जुलाई से लापता थीं और मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई गईं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजीपुर के नोनहरा थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुर ईंट भट्ठे के पास रविवार सुबह खेत में 60 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने सड़क किनारे खेत में शव पड़ा देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया। बाद में ग्रामीणों की मदद से मृतका की पहचान उम्मदपुर गांव निवासी सितारा देवी (60), पत्नी दीनाराम के रूप में हुई।
नोनहरा थाना प्रभारी विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि रविवार सुबह करीब छह बजे इंग्लिशपुर ईंट भट्ठे के पास खेत में महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पहचान होने के बाद मृतका के परिजनों को सूचना दी गई।
मृतका के बेटे कृष्णा राम ने पुलिस को बताया कि उनकी मां तीन जुलाई की शाम घर से निकली थीं और उसके बाद वापस नहीं लौटीं। उन्होंने बताया कि उनकी मां की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और उनका इलाज चल रहा था। परिवार के लोगों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
पुलिस ने किया शिनाख्त
परिजनों के अनुसार, मृतका के परिवार में दो पुत्र गोविंद राम और कृष्णा राम तथा एक पुत्री हैं। उनके पति दीनाराम रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
मृतका के बड़े बेटे गोविंद राम ने नोनहरा थाने में तहरीर देकर पोस्टमार्टम कराने और मामले की जांच की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की पहचान हो चुकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार, शव मिलने के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।