Ghazipur News: मुहम्मदाबाद किडनैपिंग मामले में 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार
गाजीपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। जिले के मुहम्मदाबाद किडनैपिंग मामले में 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजीपुर जिले के मुहम्मदाबाद के चर्चित मूक-बधिर बालिका के किडनैपिंग मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को सोमवार देर रात मुहम्मदाबाद और नोनहरा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद भेजा गया। इस दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद सुधाकर पांडेय ने बताया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुहम्मदाबाद पुलिस सोमवार रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान तिवारीपुर मोड़ के पास दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से गौसपुर की ओर जाते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों मोटरसाइकिल तेज कर कठवामोड़ की ओर भागने लगे।
पुलिस टीम ने कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्रसारित करते हुए उनकी घेराबंदी शुरू कर दी। गौसपुर हवाई पट्टी के पास खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित फायरिंग की। इस दौरान एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान विजयी (34) पुत्र छोटेलाल निवासी बढ़ईपुरा, थाना मुहम्मदाबाद, गाजीपुर के रूप में हुई है। सीओ के अनुसार वह मुहम्मदाबाद की मूक-बधिर बालिका के किडनैपिंग मामले में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
सीओ ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मोहम्मदाबाद विजय प्रताप सिंह और थानाध्यक्ष नोनहरा विवेक कुमार तिवारी के नेतृत्व में दोनों थानों की पुलिस टीम शामिल रही।