गाजीपुर। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में रविवार को मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत बहु बेटी अभियान चलाकर महिलाओं को जागरूक किया। इस दौरान थाना की महिला आरक्षियों ने महिलाओं, किशोरियों व युवतियों को कानून और अधिकारों के साथ ही हेल्पलाइन नंबरों की विस्तार से जानकारी दी। एसपी डॉ. ईरज राजा ने बाताया कि, जिले के सभी 27 थानाक्षेत्रों में मिशन शक्ति 5.0 अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना की तरफ से बहु बेटी अभियान चलाकर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें महिला आरक्षियों ने शहर, गांव और कस्बों के मुख्य बाजारों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर महिलाओं और बच्चियों की बैठक कराकर जागरूक किया। इस दौरान पुलिस बल पैदल गश्त कर भी जागरूकता का कार्यक्रम चलाया गया। थानाक्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों पर भी एंटी रोमियो टीम द्वारा लगातार भ्रमण व चेकिंग चलाती रही। दुल्लहपुर थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार राय ने बताया कि, थानाक्षेत्र के सोनहरा गांव में मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत बहु बेटी अभियान चलाया गया। इसमें प्रदेश शासन की तरफ से महिलाओं एवं बच्चियों के सम्मान व सुरक्षा के लिए जारी किए गए हेल्प लाइन नंबरों की विस्तार से जानकारी दी गई। इनमें वूमेन पावर हेल्प लाइन नंबर- 1090, चाइल्ड हेल्प लाइन नंबर 1098, महिला हेल्प लाइन नंबर 181, अग्निशमन सेवा हेल्प लाइन नंबर 101, पुलिस आपातकालीन सेवा हेल्प लाइन नंबर 112, एंबुलेंस सेवा 102 व 108 हेल्प लाइन नंबर, मुख्यमंत्री हेल्प लाइन नंबर 1076, साइबर हेल्प लाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई। बहरियाबाद थानाक्षेत्र के चकफरीद गांव में मिशन शक्ति अभियान के तहत नारी सुरक्षा व महिला सशक्तिकरण के संबंध में एक बैठक आयोजित की गई। इसमें थाने की महिला कांस्टेबल नमिता और रेखा चौहान ने महिलाओं की सुरक्षा के संबंधित वैधानिक जानकारी दी। इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि शिवनाथ राम, हेड कांस्टेबल कमलेश कुमार, कांस्टेबल अभिषेक तिवारी, विवेक कुमार पांडेय, राहुल यादव आदि मौजूद रहे।