UP: ब्लॉक प्रमुख पर हमले में 25 हजार का इनामी समेत तीन अरेस्ट, कोर्ट में सरेंडर करने जा रहे थे; तीन की तलाश
Ghazipur News: जिले के सैदपुर ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह यादव पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी देवराज सिंह ठाकुर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों न्यायालय में आत्मसमर्पण करने जा रहे थे। अब तक पांच आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि तीन की तलाश जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: गाजीपुर के सैदपुर ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह यादव पर चार दिन पूर्व हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी और मुख्य आरोपी देवराज सिंह ठाकुर सहित तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी गाजीपुर न्यायालय में आत्मसमर्पण करने जा रहे थे।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार सुबह पियरी गांव के पास वाराणसी-गोरखपुर मार्ग से पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अब तक पांच नामजद आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी रही।
कोतवाल अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सैदपुर ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह यादव 15 जून की शाम सैदपुर क्षेत्रीय पंचायत कार्यालय स्थित अपने कक्ष में बैठे थे। इसी दौरान हमलावरों ने बंदूक की बट से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मामले में पीड़ित ब्लॉक प्रमुख की तहरीर पर मुख्य आरोपी देवराज सिंह ठाकुर सहित आठ लोगों के खिलाफ नामजद तथा कुछ अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस टीम ने घटना वाली रात ही आरोपी सर्वेश यादव और गंगासागर राम को गिरफ्तार कर लिया था। साथ ही वारदात में प्रयुक्त तीन वाहनों को भी बरामद कर लिया गया था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने सभी फरार नामजद आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस लगातार उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
कोतवाल ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी मुख्य आरोपी देवराज सिंह ठाकुर, सोनू सिंह और गोविंद यादव गाजीपुर न्यायालय में आत्मसमर्पण करने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पियरी गांव के सामने वाराणसी-गोरखपुर मार्ग पर घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें सैदपुर कोतवाली लाकर पूछताछ की गई और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी के बेटे नीतिश सिंह उर्फ भोंनू, भतीजे राजन सिंह तथा अमित यादव की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सैदपुर क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख पर जानलेवा हमले के मामले में मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। शेष तीन आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।