हमीरपुर: करवाचौथ व्रत का सामान न लाने पर दंपती में झगड़ा, पत्नी ने की फंदा लगाने की कोशिश, जिला अस्पताल रेफर
Hamirpur News: बिवांर थाना क्षेत्र में करवाचौथ व्रत का सामान न लाने पर पति-पत्नी में झगड़ा हो गया। इसके बाद पत्नी ने फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की। उसे मौदहा सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
विस्तार
हमीरपुर जिले में बिवांर थाना क्षेत्र के पाटनपुर गांव में करवाचौथ के दिन पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के बाद पत्नी ने फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने उसे समय रहते देख लिया और उपचार के लिए अस्पताल ले गए। पाटनपुर गांव की पूजा (35) पत्नी राजकुमार कुशवाहा ने बृहस्पतिवार को करवाचौथ का व्रत रखा था।
महिला ने जब अपने पति से कुछ जरूरी सामान मंगवाया तो पति ने अनसुना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया, जिसके बाद महिला ने शाम लगभग सवा पांच बजे घर के अंदर रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। हलका इंचार्ज एसआई विजयबहादुर ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी शाम लगभग साढ़े छह बजे मिली।
महिला को जिला अस्पताल रेफर किया
बताया कि महिला का पति पेशे से गाड़ी चालक है और शराब का आदी है। बताया कि महिला को घर के परिजनों ने फंदा लगाते देख लिया था, जिसे उतारकर पहले मौदहा सीएचसी ले ले गए, वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। उपचार के बाद महिला की हालत ठीक है।