UP: हापुड़ में LPG संकट के बीच कालाबाजारी का खुलासा, प्रशासन ने छापा मार घर से 32 गैस सिलिंडर किए जब्त
32 LPG Cylinders Seized In Hapur: एलपीजी गैस सिलिंडर की कथित कमी और अफवाहों के बीच उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में प्रशासन ने कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एक निजी घर से कुल 32 गैस सिलिंडर जब्त किए गए।
विस्तार
देशभर में जहां लोग गैंस सिलिंडर लेने के लिए लोग परेशान हैं तो वहीं दूसरी तरफ आपदा में अवसर तलाशने वाले लोगों की कमी नहीं है। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से सामने आया है। जहां प्रशासन ने कालाबाजारी पर एक्शन लेते हुए एक घर से 32 गैस सिलिंडर जब्त किए गए।
हापुड़ की जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) सीमा बालियान ने इस कार्रवाई के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ने जिले की हर तहसील में विशेष टीमें गठित की हैं। ये टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई कर रही हैं।
हापुड़ डीएम के निर्देश पर चला अभियान
जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों पर यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य जिले में गैस सिलिंडरों के अवैध भंडारण को रोकना है। टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। इस तरह की कार्रवाई से कालाबाजारी पर अंकुश लगेगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि घरेलू गैस सिलिंडर केवल वैध उपभोक्ताओं तक ही पहुंचें।
गैस सिलिंडर संकट पर क्या बोलीं डीएसओ
जिला आपूर्ति अधिकारी सीमा बालियान ने बताया कि हापुड़ जिले में घरेलू गैस सिलिंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति भी सामान्य बनी हुई है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। लोग ऑनलाइन पंजीकरण करवाकर अपनी अधिकृत गैस एजेंसियों से आसानी से सिलिंडर ले सकते हैं।