सिंगरामऊ। जमऊपट्टी ग्राम पंचायत में सूखे अमृत सरोवर को लेकर ग्रामीणों ने संवेदना की मिसाल पेश की है। भीषण गर्मी और जल संकट के बीच गांव के लोगों ने पशु-पक्षियों एवं बेजुबान जानवरों की प्यास बुझाने के लिए चंदा इकट्ठा कर डीजल चालित ट्यूबवेल के माध्यम से सरोवर में पानी भर रहे हैं। ग्राम प्रधान ने अमृत सरोवर का निर्माण कराया था। सरोवर के चारों ओर सफेद ईंटों का खड़ंजा लगाया गया है। ग्राम रोजगार सेवक विद्याकांत शुक्ला एवं ग्राम विकास अधिकारी दुर्गेश तिवारी ने यहां पौधरोपण भी कराया था। अब पेड़ बड़े होकर छायादार हो चुके हैं और यह स्थान लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। हरे-भरे पेड़ों और शुद्ध वातावरण से आच्छादित यह सार्वजनिक स्थल सुबह-शाम मॉर्निंग वॉक करने वालों से गुलजार रहता है। हालांकि तालाब के सूख जाने से पशु-पक्षियों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया था। इसे देखते हुए ग्रामीणों ने यह कदम उठाया। इस नेक कार्य में रमेश यादव, डॉ. अंबरीश मौर्य, धीरज गुप्ता, शुभम शर्मा, मोहित गौतम, छुपन गुप्ता, सुरेश मौर्य, योगेंद्र नाथ मिश्रा, नन्हे मिश्रा, मुन्ना मिश्रा, प्रहलाद मौर्य आदि ने सहयोग किया।