UP: 'बेटे की जिंदगी खतरे में है...', युवक के अपहरण पर परिजनों ने जताई आशंका; रेस्टोरेंट में हुआ था ये कांड
Jaunpur News: यूपी के जौनपुर में युवक के अपहरण की सूचना मिलते ही माैके पर पहुंची मुंगराबादशाहपुर की पुलिस ने जांच-पड़ताल की। वहीं, परिजनों ने तहरीर में अनहोनी की आशंका जताई है।
विस्तार
UP Crime: जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर गांव में बीती शाम एक युवक के संदिग्ध अपहरण से इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस ने इससे संबंधित कई सीसी फुटेज खंगाल कर आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई है।
मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर गांव निवासी प्रभात शुक्ल पुत्र स्वर्गीय आनंद नारायण शुक्ल ने थाना प्रभारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में अपने पुत्र देवांश शुक्ल उर्फ हर्ष (23) के अपहरण की आशंका जताई है। प्रभात शुक्ल ने बताया कि उनका बेटा 6 मार्च की रात से लापता है और आरोपी पक्ष पर जबरन ले जाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित के अनुसार, लगभग आठ माह पूर्व मध्य प्रदेश के सतना में जिले के ही पवांरा थाना क्षेत्र के भसोट गांव निवासी विशाल सिंह पुत्र गुलाब सिंह से लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था, जिसे लेकर सतहरिया पुलिस चौकी प्रभारी की अध्यक्षता में दोनों पक्षों में समझौता किए जाने की कोशिश की गई लेकिन विवाद सुलझा नहीं। उसी रंजिश के चलते विशाल सिंह और उसके भाई राहुल सिंह ने देवांश को फोन पर जान से मारने व दबंगई से उठा लेने की धमकियां दीं।
पुलिस ने की कार्रवाई
इसकी शिकायत पर तत्कालीन थानाध्यक्ष ने दोनों पक्षों को थाने पर बुलाकर समझौते का प्रयास किया। हालांकि, विशाल सिंह बातचीत के लिए नहीं पहुंचा था। प्रभात शुक्ल ने बताया कि 6 मार्च 2026 की रात करीब नौ बजे देवांश अपने कुछ दोस्तों के साथ गजराजगंज स्थित एक रेस्टोरेंट पर खाना खाने गया था।
वहां अचानक राहुल सिंह अपने चार-पांच साथियों के साथ पहुंच कर राहुल ने बात करने के बहाने देवांश को बाहर बुलाया और जबरन एक गाड़ी में बिठाकर अज्ञात दिशा की ओर ले गया। उसके बाद से देवांश का कोई संपर्क या अता-पता नहीं है। मोबाइल भी स्विच ऑफ है।
पिता प्रभात शुक्ल ने थाना प्रभारी से तत्काल संज्ञान में लेते हुए त्वरित कार्यवाही करने की मांग की है। पीड़ित परिजनों ने आशंका जताई है कि उनके बेटे की जिंदगी खतरे में है और देरी घातक साबित हो सकती है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
