जौनपुर। अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर लायंस क्लब जौनपुर क्षितिज की ओर से जिला अस्पताल में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मरीजों की सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाली लगभग 30 नर्सों को सम्मान-पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजय कन्नौजिया ने नर्सों को सम्मानित करते हुए कहा कि अस्पतालों में नर्सें ही मरीजों के लिए सबसे बड़ा सहारा होती हैं। उनकी सेवा भावना और धैर्य स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत नींव है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अतुल सिंह ने भावुक शब्दों में कहा, मेरी नजरों में नर्सों का स्थान मां से भी ऊपर है, क्योंकि मां अपने बच्चे की सेवा करती है लेकिन नर्स बिना किसी भेदभाव के हर मरीज को अपने परिवार की तरह संभालती है। सम्मानित होने वाली नर्सों में सुशीला यादव, सुधा पटेल, ज्योति सिंह, आशीष सिंह, अंजली राय, गरिमा राय प्रमुख रूप से शामिल रहीं। कार्यक्रम का संचालन संजय गुप्ता ने किया। संस्था सचिव अजीत सोनकर एवं कार्यक्रम संयोजक कौशल त्रिपाठी ने अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम की सराहना करते हुए संस्थापक अध्यक्ष शशांक सिंह रानू ने कहा कि नर्सें मरीजों को अस्पताल में भी घर जैसा वातावरण देने का प्रयास करती हैं, जिससे मरीज जल्दी स्वस्थ होने की उम्मीद महसूस करता है। निवर्तमान अध्यक्ष प्रदीप सिंह, पूर्व अध्यक्ष जय किशन साहू, विष्णु सहाय, धर्मेन्द्र सेठ सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।