जौनपुर। त्रिलोचन महादेव पर एक दिन पहले हुई घटना को लेकर पुलिस-प्रशासन सख्त हो गया है। मां शीतला चौकियां धाम में बढ़ती भीड़ के मद्देनजर चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर सोमवार की रात से ही रोक दिया है। मंगलवार को वाहनों को मुख्य मेला मार्ग से डायवर्ट किया गया, जिसके विरोध में कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर नाराजगी जाहिर की। उनका आरोप है कि इस नई व्यवस्था से उनकी आजीविका पर संकट आ गया है। जलालपुर के त्रिलोचन महादेव धाम में सोमवार को कार सवार ने नौ लोगों को रौंद दिया था। हालांकि सभी अब खतरे के बाहर हैं। इस घटना के बाद पुलिस ने सभी मंदिरों पर चारपहिया वाहनों के प्रवेश मार्ग को तय कर दिया। इसी कड़ी में शीतला धाम चौकिया धाम में यातायात पुलिस ने स्कूल तिराहे के पास बैरियर लगाकर धाम जाने वाले पुराने मुख्य मार्ग से चारपहिया वाहनों को सोनकर बस्ती चौकीपुर होते हुए मंदिर के पीछे के रास्ते भेजा। इस बदलाव के कारण मुख्य मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही घट गई, जिससे महंगूपुर क्षेत्र में सन्नाटा छा गया। दुकानदारों ने श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आने पर गहरा रोष व्यक्त किया। नानक यादव, देवानन्द, अनुराग श्रीवास्तव, रवि शास्त्री, देवानंदे मौर्य, विशाल, आशीष, जवाहर, सौरभ, सुनील मौर्य सहित कई दुकानदारों ने बताया कि उनके पास यात्रियों के लिए पर्याप्त पार्किंग सुविधा उपलब्ध है, फिर भी प्रशासन वाहनों को मुख्य मार्ग पर आने की अनुमति नहीं दे रहा है। उन्होंने इस कदम को अपनी जीविका के लिए बड़ा खतरा बताया। मंगलवार सुबह से ही बैरियर लगाकर वाहनों के प्रवेश को रोक दिया गया। श्रद्धालु बैरियर के आगे पैदल चौकिया धाम मंदिर तक दर्शन पूजन के लिए जाते रहे। लाइन बाजार थानाध्यक्ष केके सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यह नई व्यवस्था बनाई जा रही है।