UP: प्रेमी से शादी के लिए निकली युवती, सपेरे संग बसाई दुनिया; हाईकोर्ट तक पहुंचा मामला फिर बच्ची के साथ मिली
Jaunpur News: जौनपुर जिले की युवती प्रेमी के साथ शादी करने के लिए घर से निकली, लेकिन प्रेमी ने इन्कार कर दिया। युवती घर वापस नहीं आई। इस पर परिजनों ने प्रेमी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा। इधर, डेढ़ साल बाद युवती एक सपेरे के साथ मिली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जौनपुर में प्रेमी के साथ नई दुनिया बसाने के लिए घर से निकली सुजानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी लड़की का प्रेमी प्रयागराज पहुंचते ही अपने फैसले से पीछे हट गया। इसके बाद वह कानपुर चली गई और मंदिर में रहने के दौरान उसकी मुलाकात एक सपेरे से हुई और बाद में दोनों ने शादी कर ली। करीब डेढ़ साल तक लापता रही युवती आखिरकार कानपुर में अपने पति और पांच माह की बच्ची के साथ मिली। डेढ़ साल में युवती की तलाश में मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट तक पहुंचा और एक अज्ञात युवती के शव का डीएनए परीक्षण तक कराया गया।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक सुजानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती गांव के ही दूसरी बिरादरी के युवक से प्रेम करती थी। दोनों के रिश्ते की जानकारी परिवार को हुई तो उन्होंने घर छोड़कर साथ रहने की योजना बनाई। एक जनवरी 2025 को युवती घर से निकलकर प्रयागराज पहुंची लेकिन युवक डर के कारण पीछे हट गया। इसके बाद युवती घर नहीं लौटी और ट्रेन से कानपुर चली गई। परिजनों ने युवक पर संदेह जताते हुए प्राथमिकी दर्ज करा दी।
उधर, कानपुर में युवती एक मंदिर में रुकी। वहां उसने एक ई-रिक्शा चालक को अपनी परेशानी बताई। चालक ने उसे फोन दिया, जिससे उसने घर पर फोन लगाया लेकिन बात नहीं की। बाद में उसने प्रेमी को फोन कर कानपुर बुलाने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक युवक ने बातचीत रिकॉर्ड कर पुलिस को सौंप दी और युवती के कानपुर में होने की जानकारी उसके परिवार को दी।
इधर, युवक के परिवार की ओर से इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई। कोर्ट ने युवक को राहत दिया और युवती को बरामद कर मामले की जांच के निर्देश पुलिस को दिए। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को खोज निकाला। उसने बताया कि युवती एक दिन उसके घर रुकी थी और फिर वहां से चली गई।
पुलिस ने मंदिर समेत कई स्थानों पर तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। कोर्ट के आदेश पर ई-रिक्शा चालक का नार्को टेस्ट कराने की तैयारी चल ही रही थी कि कानपुर में बोरे में एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने शव का डीएनए परीक्षण कराया लेकिन वह लापता युवती का नहीं निकला। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदा लोगों की तलाश के लिए एक पोर्टल पर युवती की फोटो अपलोड कर खोजबीन शुरू की। इसी दौरान युवती कानपुर में एक सपेरे के साथ मिली। पोर्टल के इस्तेमाल का यूपी पुलिस के आधिकारिक निर्देशों में भी उल्लेख है और गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश में इसके उपयोग को बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसे भी पढ़ें; अच्छी पहल: काशी के सहेजे जाएंगे धर्म और संस्कृत से जुड़े दुर्लभ शोधपत्र, देशभर के विशेषज्ञ करेंगे अध्ययन
मामले के विवेचक सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि पूछताछ में युवती ने बताया कि मंदिर में रहने के दौरान उसकी मुलाकात सपेरे से हुई थी। वह उसे अपने घर ले गया, जहां परिवार के साथ रहने लगी। बाद में दोनों ने शादी कर ली। वह अपने पति के साथ बंगाल, महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों में भी गई। अब वह पांच माह की बच्ची की मां है। पुलिस ने युवती के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।