जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु व जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक हुई। इस दौरान जनपद में औद्योगिक विकास, स्वरोजगार सृजन व विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत बैंक शाखाओं द्वारा माह अप्रैल 2026 तक किए गए ऋण वितरण की समीक्षा करते हुए बताया कि जनपद ने लक्ष्य के सापेक्ष बेहतर प्रगति की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण परीक्षण कर उन्हें शीघ्र स्वीकृत करते हुए अधिकाधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत भी ऋण वितरण की समीक्षा की गई। उन्होंने लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण, पारदर्शिता बनाए रखने व पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने उद्यमियों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। सीडा (औद्योगिक क्षेत्र) में आवासीय क्षेत्र के विकास एवं अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों में तेजी लाते हुए गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि एवं उद्यमी उपस्थित रहे।
कमेंट
कमेंट X