हमीरपुर: रिमझिम इस्पात में भट्ठी लीक, गरम लावा की चपेट में आकर क्रेन चालक झुलसा, गंभीर हालत में कानपुर रेफर
Hamirpur News: भरुआ सुमेरपुर स्थित रिमझिम इस्पात लिमिटेड फैक्टरी में गुरुवार सुबह भट्ठी से गर्म मैटल लीक होने से एक भीषण हादसा हो गया। भट्ठी के पास से क्रेन लेकर गुजर रहा चालक लावा की लपटों की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल भेजा गया, जहां से कानपुर रेफर कर दिया है।
विस्तार
हमीरपुर जिले में भरूआ सुमेरपुर कस्बे के फैक्टरी एरिया में संचालित रिमझिम इस्पात लिमिटेड में भट्ठी से गरम मैटल लीक हो गया। इससे एक क्रेन चालक गंभीर रूप झुलस गया। उसे इलाज के सदर भेजा गया, जहां से कानपुर रेफर कर दिया गया। आसपास पड़े स्क्रेप में आग लग गई, जिसे पानी डाल कर बुझाया गया।
कस्बे की रिमझिम इस्पात में सुबह करीब पौने बारह बजे स्क्रैप गलाते समय भट्ठी लीक कर गई।जिससे गरम लावा जमीन में गिरने लगा।उसके पास से क्रेन लेकर गुजर रहा चालक रामकिशोर प्रजापति (57) उसकी लपट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।जिसे तत्काल फैक्टरी के क्लीनिक में भर्ती कर प्राथमिक उपचार किया गया।
लौ की चपेट में आकर झुलसा
इसके बाद उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हाईवे पर जाम होने के कारण जिला अस्पताल पहुंचने देर लगी। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने कानपुर रेफर कर दिया। मौके पर सीओ फायर रेहान, थानाध्यक्ष पवन कुमार पेटल मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का जायजा लिया। निदेशक संजीव कुमार अग्रवाल ने बताया कि एक व्यक्ति गरम लैडर की लौ की चपेट में आकर झुलस गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि क्रेन चालक घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए भेजा गया है।