हमीरपुर: महिलाओं ने शराब ठेके पर किया हंगामा, सेल्समैन को ताला लगाकर किया बंद, पुलिस ने समझाकर कराया शांत
Hamirpur News: गोहांड कस्बे में शराब के लती श्रमिक की आत्महत्या से गुस्साई महिलाओं ने शराब की दुकान पर धावा बोल दिया। आक्रोशित महिलाओं ने लाठी-डंडों के साथ हंगामा करते हुए सेल्समैन को दुकान के कमरे के अंदर बंद कर बाहर से ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गईं।
विस्तार
हमीरपुर जिले के गोहांड कस्बे में श्रमिक ने शराब के नशे में मंगलवार रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। बृहस्पतिवार सुबह महिलाओं ने शराब की दुकान पर पहुंचकर हंगामा करते हुए सेल्समैन को ताला लगाकर कमरे में बंद कर दिया। पुलिस ने महिलाओं को समझा बुझाकर शांत कराया है। बता दें कि कस्बे के गांधीनगर मोहल्ला निवासी हरिराम अनुरागी के बेटे चंद्रप्रकाश अनुरागी (40) ने मंगलवार रात टीनशेड के नीचे साड़ी से फंदा लगा लिया था।
बुधवार सुबह श्रमिक की आत्महत्या करने की जानकारी पर मोहल्ले की महिलाओं ने जमकर हंगामा करते हुए मोहल्ले से शराब की दुकान हटाए जाने की मांग की थी। बृहस्पतिवार सुबह फिर मोहल्ले की महिलाओं ने एकजुट होकर हाथ में लाठी-डंडे लेकर शराब की दुकान पर पहुंच गई। महिलाओं को उग्र देख सेल्समैन कमरे के अंदर घुस गया। आक्रोशित महिलाओं ने गेट पर डंडे मारकर तोड़ने का प्रयास किया।
महिलाओं को समझा बुझाकर शांत कराया
गेट न टूटने पर महिलाओं ने बाहर से ताला लगाकर सेल्समैन को अंदर बंदकर दिया। इसके बाद जमकर नारेबाजी करते हुए वहीं धरने पर बैठ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को समझा बुझाकर शांत कराया है। महिलाओं ने बताया कि जब से मोहल्ले में दुकान खुली है, तब से लोग शराब पीने के लती हो गए। इससे लड़ाई झगड़े के साथ ही आत्महत्या करने जैसे कदम उठाने लगें है। थानाध्यक्ष जरिया मनोज पांडेय ने कहा कि सूचना मिली थी। महिलाओं को समझा बुझाकर शांत कराया है।