कानपुर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर सवाल, पौधे रोपे लेकिन संरक्षण करना भूल गए
Kanpur News: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जिले में इस वित्तीय वर्ष 35.90 लाख पौधे रोपे गए। अभियान के दौरान अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी पौधारोपण में शामिल हुए। पौधे लगाने के बाद उनके संरक्षण की शपथ ली गई और तस्वीरें भी खिंचवाई गईं, लेकिन इसके बाद इन पौधों की सुध लेने वाला कोई नजर नहीं आया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमर उजाला की ओर से अलग-अलग ब्लॉकों में की गई पड़ताल में पौधों के संरक्षण की व्यवस्था बदहाल मिली। कहीं सैकड़ों पौधों में एक भी पौधा सुरक्षित नहीं बचा तो कहीं हजारों पौधों के बीच गिनती के ही पौधे नजर आए। कई स्थानों पर पौधे घास और झाड़ियों में दबे मिले और उनके अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा है। पौधों को बचाने के लिए कई जगह न तो नियमित पानी देने की व्यवस्था मिली और न ही पर्याप्त ट्री गार्ड लगाए गए। निगरानी के अभाव में लगाए गए पौधे धीरे-धीरे सूखने की कगार पर पहुंच गए हैं।
सरसौल ब्लॉक के फुफवार सुई थोक गांव में चारागाह की चार हेक्टेयर भूमि को कब्जों से मुक्त कराकर 12 जुलाई को 3000 पौधे लगाने का दावा किया गया था। इनमें 2000 पौधे पंचायती राज एवं विकास विभाग और 1000 गंगा टास्क फोर्स की ओर से लगाए गए। एक माह बाद तीन पौधे हरे-भरे मिले। अधिकांश पौधे या तो जानवर खा गए या सूख गए।
चौबेपुर ब्लॉक के इंदलपुर शिवराजपुर गांव के परिषदीय विद्यालय परिसर में पौधरोपण के लिए बीवीजी-रामजी योजना के तहत गड्ढे खोदे गए। इसके बाद यहां 500 से अधिक पौधे लगाए गए। बीडीओ समेत अन्य अधिकारियों ने पौधरोपण किया। डेढ़ माह बाद मौके पर एक भी पौधा नहीं बचा। ग्रामीणों के मुताबिक पौधे या तो सूख गए या जानवरों ने खा लिए।
शिवराजपुर क्षेत्र के बिलहन गांव की गोशाला में करीब 700 पौधे लगाए गए थे। अब मौके पर अधिकांश पौधे गायब हैं उनकी जगह सूखे डंडे खड़े हैं। ग्रामीणों के मुताबिक पौधे लगाने के बाद उनकी देखभाल के लिए कोई नहीं आया, जबकि पौधरोपण के समय जिलास्तरीय अधिकारियों ने संरक्षण की शपथ भी ली थी।
शिवराजपुर ब्लॉक के निवादा सुजान गांव की बंद गोशाला में करीब 500 पौधे लगाए गए थे। अधिकारियों की मौजूदगी में पौधे लगाए गए लेकिन बाद में पानी और निगरानी का इंतजाम नहीं हुआ। अब सिर्फ 15 पौधे सुरक्षित बचे हैं।
भीतरगांव ग्राम पंचायत के बाबूपुरवा मार्ग पर मृत पशु निस्तारण वाली सरकारी भूमि के किनारे जुलाई के पहले सप्ताह में करीब 35 फलदार पौधे लगाए गए। शुरुआत में पौधों में पत्तियां भी आने लगी थीं, लेकिन सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने से जानवरों ने पत्तियां खा लीं और कई पौधे तोड़ दिए। ग्रामीणों के अनुसार करीब 28 पौधे खत्म हो गए।
पतारा ब्लॉक के धरमपुर में रिंद नदी किनारे स्थित जंगलेश्वर मंदिर के पुजारी प्रेमपुरी ने बताया कि यहां पौधरोपण के लिए करीब 2000 पौधे ट्रॉली से लाए गए थे। लगभग 100 लगाए गए। बाकी एक जगह छोड़ दिए गए। एक माह बाद सूखने पर उन्हें रिक्शे से उठा ले जाया गया। टेनापुर गोशाला में भी 300 पौधे लगाए गए, जबकि मौके पर 50-60 ही मिले।
1500 कागजों में, जमीन पर करीब 300 पौधे
घाटमपुर ब्लॉक की भदरस ग्राम पंचायत में करीब 300 पौधे लगाए गए, जबकि कागजों में 1500 पौधे दिए जाने की बात सामने आई। करीब 1200 पौधे ग्रामीणों को वितरित किए गए। ग्राम समाज की जमीन पर लगाए पौधे बड़ी-बड़ी घास में दबे हैं। कुछ सूख चुके हैं। बारिश से जो पौधे अभी हरे हैं उन्हें भी घास से नहीं निकाला गया तो बचने की उम्मीद कम है।