उरई: पिता ने ही दी बेटे की तीन लाख में सुपारी, नशा मुक्ति केंद्र से निकालकर कराई थी हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार
Orai News: शिवपुरी मोहल्ला निवासी पिता ने बेटे की हरकतों से तंग आकर तीन युवकों को तीन लाख रुपये की सुपारी दी। पिता खुद बेटे को नशा मुक्ति केंद्र से बाहर निकालकर आरोपियों के सुपुर्द कर आया, जिसके बाद आरोपियों ने रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी और शव पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के भिंड जिले में फेंक दिया।
विस्तार
उरई जिले में नशे की लत और आए दिन रुपये मांगने से परेशान एक पिता ने अपने ही बेटे की हत्या की साजिश रच डाली। आरोप है कि पिता ने तीन लोगों को तीन लाख रुपये में बेटे की हत्या की सुपारी दी। इसके बाद नशा मुक्ति केंद्र पहुंचकर बेटे को बाहर निकाला और आरोपियों के हवाले कर दिया। आरोपियों ने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव मध्य प्रदेश के भिंड जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र में फेंक दिया।
वहां शव मिलने के बाद पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों तक पहुंचकर पिता समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शिवपुरी निवासी रशीद के चार बेटे हैं। इनमें बड़ा बेटा रहीश उर्फ शानू (27) अविवाहित था। परिजनों के मुताबिक, वह बुरी संगत में पड़कर नशे का आदी हो गया था। शराब और अन्य नशों के लिए वह आए दिन पिता और परिवार के अन्य सदस्यों से रुपये मांगता था।
बेटे की हत्या के लिए तीन लाख रकी सुपारी दे दी
रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देता था। कई बार घर में गैस खोलकर आग लगाने की कोशिश करने के साथ ही सामान में तोड़फोड़ भी करता था। इससे पूरा परिवार परेशान था। आरोप है कि इसी से नाराज होकर पिता ने तीन लोगों को बेटे की हत्या के लिए तीन लाख रुपये की सुपारी दे दी। इसके बाद शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ईदगाह निवासी ज्ञान सिंह की गाड़ी लेकर आरोपी मध्य प्रदेश पहुंचे।
रस्सी से गला घोंटकर की थी हत्या
शानू पहले से नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती था। पिता वहां पहुंचा और उसे बाहर निकालकर आरोपियों के हवाले कर दिया। आरोपी उसे गाड़ी से ले गए और रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव भिंड जिले में फेंक दिया। मध्य प्रदेश पुलिस ने शव मिलने के बाद जांच शुरू की और वाहन के नंबर के आधार पर आरोपियों तक पहुंच गई। मामले में पिता समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मध्य प्रदेश पुलिस ने कार्रवाई की है। यहां से चार लोगों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है।