‘किस्मत का खेल': पांच दिन पहले जिस जगह घायल हुआ, इलाज के बाद लौटते हुए वहीं हादसे में हुई मौत, पढ़ें मामला
Unnao News: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सबलीखेड़ा गांव के पास एक तेज रफ्तार एंबुलेंस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इस भीषण हादसे में दिल्ली से इलाज कराकर लौट रहे मरीज की मौत हो गई, जबकि उनके परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। हैरान करने वाली बात यह है कि ठीक पांच दिन पहले इसी स्थान पर राजेंद्र की कार डिवाइडर से टकराई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उन्नाव जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सबलीखेड़ा गांव के बाद तेज रफ्तार एंबुलेंस आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। इस हादसे मरीज की मौत हो गई। चार को हल्की चोटें आईं। बताया जाता है कि जिस युवक की माैत हुई है, वह पांच दिन पहले इसी स्थान पर डिवाइडर में कार टकराने से घायल हुआ था। दिल्ली में उपचार के बाद आराम मिलने पर सोमवार को घर जाते समय फिर उसी स्थान पर हादसा हो गया।
अयोध्या जिले के थाना रुदौली के गांव रसूलाबाद निवासी राजेंद्र कुमार (45) 12 अगस्त को आगरा जा रहे थे। एक्सप्रेसवे पर बेहटामुजावर थाना क्षेत्र के सबलीखेड़ा गांव के पास डिवाइडर से कार टकरा गई थी। इस हादसे में राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन दिल्ली के अस्पताल में इलाज करा रहे थे। हालत में सुधार होने पर डॉक्टर ने डिस्चार्ज कर दिया था। सोमवार को परिजन एंबुलेंस से उन्हें लेकर अयोध्या जा रहे थे।
यूपीडा की टीम ने चोटिल लोगों का इलाज किया
एक्सप्रेसवे पर बेहटामुजावर के सबलीखेड़ा गांव के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस ट्रक में पीछे से टकरा गई। इससे राजेंद्र कुमार के साथ उनके भाई पंचमलाल (40), राजेंद्र के बेटे शुभम (20), मुकेश (17) और विशाल (15) घायल हो गए। यूपीडा की टीम ने चोटिल लोगों का इलाज किया। राजेंद्र कुमार को सीएचसी भेजा। हालत गंभीर देख उन्हें केजीएमयू भेजा गया। वहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
सब सही हैं, वाहनों को हटवाया गया
भाई पंचम ने बताया कि राजेंद्र दिल्ली के लोहामंडी में मजदूरी करते थे। पति की मौत से पत्नी गुड्डी, मां जगमाता सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। बेहटामुजावर थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि सोमवार सुबह पहले एंबुलेंस आगे चल रहे वाहन में भिड़ी उसमें एक की मौत हुई। उसी क्षतिग्रस्त एंबुलेंस में दूसरी कार भिड़ गई। उसमें सात लोगों को चोटें आई थीं। सब सही हैं, वाहनों को हटवाया गया है।
क्षतिग्रस्त एंबुलेंस में टकराई एक और कार, सात चोटिल
एक्सप्रेसवे पर हादसे के बाद क्षतिग्रस्त एंबुलेंस को जब तक यूपीडा की टीम हटवाती तेज रफ्तार कार उसी में पीछे से भिड़ गई। घटना में कार सवार फिरोजाबाद के थाना सिरसागंज के समद भरथरा निवासी मंगल सिंह (55), साथी अजय कुमार (52), पत्नी पूनम देवी (50), श्याम बिहारी (32), भाई राजकुमार (28) और शिवव्रत कुमार (43) व रूपम कुमारी (40) पत्नी राजनंदन घायल हो गए। यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने घायलों का उपचार किया।