कुशीनगर: लघु नंदिनी योजना का अनुदान दिलाने के नाम पर 30 हजार रुपये रिश्वत लेते सीवीओ गिरफ्तार
डॉ. शांति प्रकाश द्विवेदी ने शिकायतकर्ता से कार्यालय में 30 हजार रुपये नकद लिए। इसी दौरान पहले से मौजूद सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के समय कार्यालय के कर्मचारियों ने विरोध किया, लेकिन टीम आरोपी अधिकारी को गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गई।
विस्तार
लघु नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत सरकारी अनुदान दिलाने के नाम पर 30 हजार रुपये रिश्वत लेते मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) डॉ. शांति प्रकाश द्विवेदी को सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। गोरखपुर से पहुंची विजिलेंस टीम ने शनिवार को विकास भवन स्थित उनके कार्यालय में कार्रवाई की। गिरफ्तारी के दौरान कर्मचारियों ने विरोध किया, लेकिन टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ ले गई। वह बस्ती जिले की हरैया तहसील के निवासी हैं।
सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के बरवाराजा पाकड़ निवासी दिनेश कुमार गुप्ता ने शिकायत की थी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में लघु नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत अनुदान दिलाने के नाम पर सीवीओ ने उनसे 50 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता के काफी अनुरोध करने पर 30 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था। उसने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान गोरखपुर से लिखित शिकायत की। प्राथमिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया के निर्देश पर ट्रैप टीम गठित की गई। निरीक्षक शैलेंद्र कुमार राय के नेतृत्व में टीम ने शनिवार को कार्रवाई की योजना बनाई।
आरोप है कि डॉ. शांति प्रकाश द्विवेदी ने शिकायतकर्ता से कार्यालय में 30 हजार रुपये नकद लिए। इसी दौरान पहले से मौजूद सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के समय कार्यालय के कर्मचारियों ने विरोध किया, लेकिन टीम आरोपी अधिकारी को गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गई। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
चार माह पहले हुई थी कुशीनगर में तैनाती
डॉ. शांति प्रकाश द्विवेदी इससे पहले अयोध्या में तैनात थे। करीब चार माह पहले ही उनकी तैनाती कुशीनगर में हुई थी।
सतर्कता अधिष्ठान ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी काम के बदले यदि कोई लोकसेवक रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन नंबर 9454401866 और 9454401870 पर करें।