लखीमपुर खीरी: युवक की हत्या का 36 घंटे में खुलासा, मुठभेड़ में नामजद आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
लखीमपुर खीरी के नीमगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार सुबह मुठभेड़ के बाद एक हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है। आरोपी से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई है।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के नीमगांव थाना क्षेत्र के ढखिया मदन गांव में युवक की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। मंगलवार सुबह सिकंदराबाद-रायपुर मार्ग पर घुंसी मोड़ के पास चेकिंग के दौरान पुलिस की मुठभेड़ में नामजद आरोपी देवेश उर्फ बिल्लू पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है।
मंगलवार सुबह नीमगांव पुलिस सिकंदराबाद-रायपुर मार्ग पर घुंसी मोड़ के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वांछितों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को देखकर देवेश उर्फ बिल्लू भागने लगा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी सुबह करीब 5:03 बजे की बताई गई है।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस ने आरोपी से 315 बोर का तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मितौली थाना क्षेत्र के रामखेड़ा गांव का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ मितौली थाने में मारपीट, धमकी समेत कई अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं। मुठभेड़ के संबंध में नीमगांव थाने में बीएनएस की धारा 109(1) और आर्म्स एक्ट की धाराओं में एक और मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
ब्रेकिंग अपडेट।