Mainpuri Election Result: भाजपा ने सपा के खाते से छीन ली 'मैनपुरी', अखिलेश यादव को लगा बड़ा झटका
लगातार दो बार के विधायक रहे सपा प्रत्याशी राजू यादव को भाजपा प्रत्याशी जयवीर सिंह ने हराया ।
विस्तार
मुलायम सिंह यादव का गढ़ कहे जाने वाले मैनपुरी में समाजवादी पार्टी को सबसे बड़ा झटका लगा है। मैनपुरी सदर सीट से भाजपा प्रत्याशी जयवीर सिंह भदौरिया ने जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 99445 वोट मिले हैं। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सपा प्रत्याशी राजकुमार यादव राजू को 92181 वोट मिले हैं। इस तरह जयवीर सिंह ने 7264 वोटों विजय प्राप्त की है। सपा के राजू यादव मैनपुरी से लगातार दो बार चुनाव जीत चुके थे। इस बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
मैनपुरी सीट पर पहली बार 1991 में भाजपा का कमल खिल था। तब नरेंद्र सिह यहां से जीते। 1993 में फिर नरेंद्र विधायक बने। 1996 के चुनाव में सपा के माणिक चंद यादव ने भाजपा से यह सीट छीन ली। अगले ही चुनाव में भाजपा ने फिर यहां से जीत का परचम लहराया। 2007 के चुनाव में भी यह सीट भाजपा के खाते में रही। 2012 और 2017 में सपा के राजकुमार यादव यहां से विधायक बने। अब भाजपा ने इस सीट को सपा से फिर से छीन लिया है।
मैनपुरी सीट पर लहराता रहा भगवा परचम
मैनपुरी सदर सीट (107) की मतगणना में केवल एक राउंड को छोड़कर अन्य सभी राउंड में भगवा परचम लहराता रहा। इससे भाजपा प्रत्याशी और अभिकर्ताओं के चेहरे खिले रहे। वहीं सपा प्रत्याशी और कार्यकर्ताओं में मायूसी बनी रही।
सुबह साढ़े आठ बजे के करीब ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू हुई। मतगणना पंडाल में भाजपा प्रत्याशी जयवीर सिंह, सपा प्रत्याशी राजकुमार यादव और बसपा प्रत्याशी गौरव नंद मौजूद थे। पहले राउंड में मैनपुरी विधानसभा के मतगणना पंडाल में कुल 14 ईवीएम के मतों की गणना की गई। इसमें भाजपा को महज दस वोटों की ही बढ़त मिली।
पांचवें राउंड में सपा ने पलटा पासा
बढ़त मिलने से जहां भाजपाई खुश थे तो वहीं सपा खेमा केवल दस वोटों को बढ़त को चंद देर की खुशी बता रहा था। लगातार चार राउंड तक भाजपा की ये खुशी बनी रही। साढ़े दस बजे के करीब हुए पांचवें राउंड में सपा ने पासा पलटा और कुल 227 वोट की बढ़त बनाई। इससे सपा खेमे में भी खुशी की लहर दौड़ लगा।
अगले ही राउंड में भाजपा ने पलटी बाजी
उन्हें लगा कि अब ये बढ़त हर राउंड के साथ और मजबूत होती जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अगले ही राउंड में फिर भाजपा ने पलटी मारी और दोबारा बढ़त कायम कर ली। इसके बाद हर राउंड में भगवा परचम ही लहराता नजर आया। इससे भाजपा के प्रत्याशी और अभिकर्ता जहां खुश नजर आए तो वहीं सपा और अन्य दलों में मायूसी रही।
मैनपुरी सदर विधानसभा सीट पर बसपा प्रत्याशी गौरव नंद तीसरे स्थान पर और कांग्रेस प्रत्याशी विनीता शाक्य चौथे स्थान पर रहीं। परिणाम आने के साथ ही नवीन मंडी के आसपास खड़े सपा समर्थक भी जाते रहे।
