UP: चार अर्थियों को कंधा देने जा रहे शीलेश की रास्ते में मौत, बस ने दूर तक घसीटा; अगले हिस्से में फंसी थी लाश
हादसे के बाद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। बस में फंसे शीलेश को बाहर निकालकर सीएचसी किशनी ले जाया गया, जहां से पीजीआई सैफई रेफर कर दिया गया। पीजीआई पहुंचने पर जांच के बाद चिकित्सकों ने शीलेश को मृत घोषित कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत के बाद बुधवार को पूरे क्षेत्र में सिसकियां और चीख-पुकार सुनाई दे रही थी। गम के इसी माहौल में एक और हादसे की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया। रामनगर के पास बस की चपेट में आकर इटावा जिले के नगला कढ़ोरी निवासी 35 वर्षीय शीलेश की मौत हो गई। मृतक विजय यादव के बड़े भाई के साले थे। पत्नी के साथ गांव चांदा अंतिम संस्कार में शामिल होने आ रहे थे।
बहनोई की अंतिम यात्रा में जा रहे थे शीलेश
इटावा के थाना चौबिया क्षेत्र के गांव नगला कढ़ोरी निवासी शीलेश यादव, गांव चांदा निवासी मृतक विजय यादव के बड़े भाई शिवराज सिंह के साले थे। हरियाणा हादसे की खबर मिलने पर शीलेश अपने रिश्ते के बहनोई विजय यादव की अंतिम यात्रा में शामिल होने चांदा आ रहे थे।
हाईवे पर बस ने बाइक को मारी टक्कर
बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे वे पत्नी के साथ बाइक से रामनगर तिराहे पर पहुंचे। तभी ग्वालियर-बरेली हाईवे पर तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस बाइक को काफी दूर तक घसीटती चली गई। शीलेश की पत्नी छिटककर दूर गिर गईं और बाल-बाल बच गईं, लेकिन उन्होंने आंखों के सामने पति को मौत के मुंह में जाते देखा। शीलेश का शरीर बस के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गया था।
बस में फंस गए थे शीलेश
हादसे के बाद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। बस में फंसे शीलेश को बाहर निकालकर सीएचसी किशनी ले जाया गया, जहां से पीजीआई सैफई रेफर कर दिया गया। पीजीआई पहुंचने पर जांच के बाद चिकित्सकों ने शीलेश को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद जो घर कुछ घंटे पहले अपनों के शव देखकर रो रहा था, वहां एक और अर्थी उठने की खबर से सन्नाटा पसर गया।
चालक गाड़ी छोड़कर भागा
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। शीलेश के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
पलवल हादसे के पीड़ितों से मिले डीएम-एसपी
हरियाणा के पलवल में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे की खबर से मैनपुरी के किशनी क्षेत्र के तीन गांवों- चांदा, हविलिया और मुरगिया - में शोक की लहर दौड़ गई है। बुधवार सुबह करीब 9 बजे, जब परिजन बारिश के बीच अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे थे, तभी जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा, एसडीएम नवनीता राय, नायब तहसीलदार राज कपूर और सीओ रामकृष्ण द्विवेदी शोकाकुल परिवारों के बीच पहुंचे।
लोगों ने सुनाई आपबीती
गांवों में पहुंचकर अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों के दुख को बांटा। अपनों को खो चुके लोगों ने अपनी आपबीती सुनाई। मृतका रेशमा के पति विनोद यादव और कमला के पति रामसेवक ने बताया कि मंगलवार सुबह तेज आवाज के साथ हुई टक्कर के बाद वे बेहोश हो गए थे और एंबुलेंस आने के बाद ही उन्हें होश आया। रिश्तेदार पुष्पेंद्र निवासी आगरा ने दुर्घटना के बाद पुलिस और एंबुलेंस के पहुंचने में हुई देरी पर चिंता जताई। उन्होंने यह भी बताया कि जिस ट्रक से पिकअप टकराई, वह नो-एंट्री क्षेत्र में खड़ा था।
गांव पहुंचे सपा नेता
इसके साथ ही जनप्रतिनिधि भी बुधवार को गांव चांदा व मुरगिया पहुंचे। इनमें सपा विधायक बृजेश कठेरिया, सपा जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य, पूर्व विधायक राजू यादव, राहुल राठौर सहित ग्राम प्रधान और सैकड़ों ग्रामीण शामिल रहे।