मथुरा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विकास प्राधिकरण, आवास विकास परिषद, जिला पंचायत और नगर निगम संबंधी समिति की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। अध्यक्षता सभापति कुंवर महाराज सिंह ने की। सदस्य के रूप में विधायक विजय बहादुर पाठक, पवन कुमार सिंह, एमएलसी योगेश नौहवार और एमएलसी ओम प्रकाश सिंह उपस्थित रहे।
बैठक में नगर निगम के कार्यों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम दो विद्यालयों हजारीमल सोमानी नगर निगम इंटर कॉलेज और नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज का संचालन कर रहा है। हजारीमल सोमानी इंटर कॉलेज में 23 पद स्वीकृत हैं, जिनमें छह पद रिक्त हैं, जबकि वाणिज्य वर्ग के लिए चार प्रवक्ताओं की आवश्यकता है। बालिका इंटर कॉलेज में 15 पदों के सापेक्ष आठ शिक्षक कार्यरत हैं। एंटी लार्वा छिड़काव के लिए 272 हैंड स्प्रे मशीन और 10 फॉगिंग मशीनें खरीदी हैं। नगर निगम क्षेत्र में 119 पार्क हैं, जिनसे कोई आय नहीं होती, लेकिन उनकी देखभाल निगम स्तर से कराई जा रही है। शहर में एक डिस्पेंसरी सदर बाजार में संचालित है
बैठक में जिला पंचायत की 11,749.73 वर्गमीटर खाली भूमि, ग्राम पंचायतों के हाट बाजारों से हुई आय और तालाबों के पट्टों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने विकास प्राधिकरण और आवास विकास परिषद से भूमि अधिग्रहण, अवैध कब्जों को हटाने और शेष भूमि की स्थिति संबंधी जानकारी भी समिति के समक्ष दी। बैठक में नगर आयुक्त जग प्रवेश, मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे आदि मौजूद रहे।