फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Mau News ›   Work is nowhere to be seen, yet the business of wage payments continues on paper

Mau News: काम गायब, कागजों पर दौड़ रहा मजदूरी का कारोबार

Sun, 25 Oct 2026 01:00 AM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Sun, 25 Oct 2026 01:00 AM IST
विज्ञापन
Work is nowhere to be seen, yet the business of wage payments continues on paper
रकौली में योगेंद्र के घर से पोखरी तक संपर्क का अधूरा काम, बिना काम कराए रोज लग रही हाजिरी। संवा - फोटो : Samvad
बढ़ुआगोदाम। वीबीजी रामजी (विकसित भारत–रोजगार गारंटी और आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत कच्चे कार्यों में बिना काम कराए मजदूरों की हाजिरी लगाने का मामला आया है। पंचायत चुनाव का समय नजदीक आने के कारण ग्राम प्रशासक अपने चहेतों को मजदूरी का भुगतान करा रहे हैं। जिले में रोजाना 10 से 15 हजार मजदूरों की हाजिरी लगाई जा रही है। इनमें से 30 फीसदी काम कागजों में हो रहे हैं। हमारी टीम ने शनिवार को परदहां ब्लॉक के सरवां, रणवीरपुर, आदेडीह, रकौली और मुंगेसर ग्राम पंचायतों और कोपागंज ब्लॉक की बीबीपुर ग्राम पंचायत में वीबीजी रामजी के तहत हो रहे कच्चे कार्यों की पड़ताल की।
विज्ञापन

पड़ताल में कहीं बिना काम कराए हाजिरी लगाए जाने, तो कहीं काम समाप्त होने के चार दिन बाद भी 30 से अधिक मजदूर हाजिरी लगा रहे हैं। एक जगह अकेली महिला 10 दिन से चकबंध का कार्य करती मिली। टीम शनिवार सुबह 10 बजे सबसे पहले रकौली गांव पहुंची। यहां बीते 10 दिन से अरविंद के खेत से पिच रोड तक संपर्क मार्ग की मरम्मत के लिए 32 मजदूरों की हाजिरी लगाई जा रही है। जबकि मौके पर घास-फूस और नाली का गंदा पानी बहता मिला। मोहल्ले की ललिता देवी, सूर्यभान और विमला आदि ने बताया कि खड़ंजा मार्ग 10 साल पहले बना था। अब इस पर मोहल्ले के 14 घरों की नालियों का पानी बहता है। उनके अनुसार, शिकायत के बाद भी रास्ता नहीं बनवाया जा रहा है। बारिश के दिनों में कीचड़ से होकर आना-जाना पड़ता है।
विज्ञापन

ग्रामीणों के मुताबिक, 10 दिन पहले प्रधान ने बताया था कि खड़ंजा मार्ग को नए सिरे से बनाया जाएगा और नाली का पानी बहाने से मना कर दिया था। हालांकि, कागजों पर यहां काम हो रहा है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। एक युवक ने बताया कि एक सप्ताह पहले काम के बारे में पूछने के लिए उसने ग्राम प्रशासक को फोन किया था, लेकिन उसका नंबर ब्लॉक कर दिया गया। रकौली में ही पिच रोड से योगेंद्र के घर से पोखरी तक संपर्क मार्ग की मरम्मत का कार्य पांच दिन पहले समाप्त बताया, लेकिन काम अधूरा मिला। ग्रामीणों ने बताया कि यहां रोज 20 से 25 मजदूर काम करते थे। हालांकि, इस चकरोड पर 23 अक्तूबर को 34, 21 अक्तूबर को 44 और 19 अक्तूबर को 43 मजदूरों की हाजिरी लगाई गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

आदेडीह ग्राम पंचायत में पिच रोड से त्रिभुवन सिंह के चक से राम अधार सिंह के खेत तक संपर्क मार्ग की मरम्मत का कार्य चार दिन पहले समाप्त हो गया था। शनिवार को यहां काम नहीं हो रहा था। इसके बावजूद 23 अक्तूबर को 27, 22 अक्तूबर को 34, 21 अक्तूबर को 34 और 20 अक्तूबर को 28 मजदूरों की हाजिरी लगाई गई।
मुंगेसर ग्राम पंचायत में नन्हकू के खेत से प्रभुनाथ के खेत तक चकबंध के कार्य में नौ अक्तूबर से रोज महिलाओं की हाजिरी लगाई जा रही है। जबकि मौके पर घास-फूस मिला।
रणवीरपुर में 10 महीने पहले हुए कार्य पर लगाई गई हाजिरी
रणवीरपुर ग्राम पंचायत में चंद्रिका के खेत से रामकेवल के खेत तक संपर्क मार्ग की मरम्मत के लिए बीते 10 दिन से रोज मजदूरों की हाजिरी लगाई जा रही है। जबकि यहां दिसंबर 2025 में मनरेगा के तहत संपर्क मार्ग की मरम्मत कराई गई थी। टीम मौके पर पहुंची तो यहां कीचड़ और घास-फूस मिला। वर्क आईडी बदलकर वीबीजी रामजी से रोज 15 मजदूरों की हाजिरी लगाई जा रही है। इस बारे में पूछने पर हाजिरी लगाने के लिए खड़े रोजगार सेवक ने बताया कि मनरेगा से कराए गए कार्य का भुगतान नहीं होने के कारण वीबीजी रामजी से मजदूरों की हाजिरी लगाई जा रही है। इस कार्य पर 16 से 23 अक्तूबर तक रोज 15-15 मजदूरों की हाजिरी लगाई गई है।
पक्के कार्य में कच्चे कार्य की हाजिरी
कोपागंज ब्लॉक की बीबीपुर ग्राम पंचायत में सुभाष के खेत से किशुन के खेत तक मिट्टी के चकबंध पर 16, 17, 18, 19, 20, 21 और 22 अक्तूबर को सुमन ने अकेले मरम्मत का कार्य किया। 23 और 24 अक्तूबर को सुमन ने अकेले राम किशुन के खेत से मनवा नदी और बाग तक मिट्टी के चकबंध का काम किया। टीम मौके पर पहुंची तो वहां कोई काम नहीं चल रहा था।
पोखरी का तटबंध बनाते मिलीं 20 महिलाएं
सरवां ग्राम पंचायत में बीते 10 दिन से गाटा संख्या 647 में रोज पोखरी की खोदाई दिखाकर 45 से 68 महिलाओं की हाजिरी लगाई जा रही है। टीम मौके पर पहुंची तो वहां सिर्फ 20 महिलाएं मिलीं। हालांकि, यहां पोखरी की खुदाई नहीं हो रही थी। यहां 16 अक्तूबर को पोखरी की खुदाई के कार्य में 68 मजदूरों, 17 अक्तूबर को 68, 18 अक्तूबर को 17, 19 अक्तूबर को 43, 21 अक्तूबर को 44, 22 अक्तूबर को 51, 23 अक्तूबर को 47 और 24 अक्तूबर को 45 मजदूरों की हाजिरी लगाई गई।

सिर्फ कागज पर मजदूरों की हाजिरी लगाना नियम विरुद्ध है। सभी ग्राम सचिवों को मौके पर पहुंचकर कच्चे और पक्के कार्यों का निरीक्षण करने का निर्देशित दिया है। जहां भी बिना काम कराए या पुराने कार्यों पर मजदूरों की हाजिरी लग रही है वहां जांच कराकर भुगतान रोका जाएगा और संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - राजीव कुमार, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार, मऊ
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed