संजीव बालियान ने रचा था इतिहास, अब पीएम मोदी के शपथ समारोह में मिला ये खास ईनाम
भाजपा हाई कमान ने केंद्र सरकार में मंत्री बनाकर सांसद डॉ. संजीव बालियान को पश्चिम में बड़े जाट नेता के रूप में पेश कर दिया है। उन्हें रालोद प्रमुख चौधरी अजित सिंह को पराजित करने और अमेठी में 15 दिन तक स्मृति ईरानी के चुनाव की कमान संभालने का ईनाम मंत्री बनाकर दिया गया है।
मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट से दूसरी बार सांसद बने डॉ. संजीव बालियान ने पार्टी में अपनी पकड़ को एक बार फिर सिद्ध कर दिया है। संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व निभा रहे डॉ बालियान को अमेठी के चुनाव प्रचार की कमान सौंपी गई थी। 15 दिन तक वह अमेठी में ही रहे। स्मृति ईरानी की जीत ने पार्टी में उनका कद और बढ़ा दिया।
लोकसभा सीट पर उनका खुद का मुकाबला भी इस बार काफी मुश्किल था। रालोद प्रमुख और पश्चिम के बड़े जाट नेता चौधरी अजित सिंह से सीधा मुकाबला हुआ। संघर्षपूर्ण मुकाबले में चौधरी अजित सिंह को उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में 6526 मतों से पराजित कर दिया।
समीकरण अजित सिंह के पक्ष में होने के बाद भी बालियान की रणनीति, पांच साल तक जनता के बीच रहने और दिन-रात की मेहनत ने जीत की दहलीज तक पहुंचाया। पार्टी ने चौधरी अजित सिंह को हराने और स्मृति ईरानी के चुनाव में अच्छा काम कर राहुल गांधी को पराजित कराने में सहयोग करने का ईनाम मंत्री बनाकर दिया।
पीएम मोदी की पहली सरकार में भी वह पहले कृषि और बाद में नदी विकास, जल संसाधन राज्यमंत्री बने थे, लेकिन बाद में बागपत के सांसद सत्यपाल सिंह को उनके स्थान पर मौका दे दिया गया। इस बार फिर से सांसद बनने पर शुरू से ही डॉ. बालियान के मंत्री बनने की उम्मीद थी। पार्टी ने उनकी मेहनत को देखते हुए मंत्री पद से नवाज दिया है।
मुजफ्फरनगर के सांसद डॉ. संजीव बालियान को केंद्र सरकार में मंत्री बनाने पर बागपत के भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई। पदाधिकारियों ने दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचकर बालियान को बधाई दी।
गुरुवार को केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत हुई। डॉ. संजीव बालियान को मंत्री बनाने पर बागपत के कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। बागपत के भाजपा विधायक योगेश धामा, बड़ौत के पालिकाध्यक्ष अमित राणा उर्फ दुष्यंत तोमर, छपरौली के चेयरमैन संजीव खोखर, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर ने डॉ संजीव बालियान के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचकर बधाई दी। बालियान का अभिनंदन किया गया।
वहीं बालियान ने कहा कि केंद्र सरकार आमजन और किसानों की हितैषी है। जिले में भी बालियान को मंत्री बनाने पर खुशी मनाई गई। बड़ौत, बागपत और खेकड़ा में कार्यकर्ताओं ने मिठाई वितरित की। सोशल मीडिया पर भी बधाई देने का सिलसिला जारी रहा।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/