यूपी: संगठन में फेरबदल के चलते कांग्रेस नेताओं में मायूसी छाई, जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष पर नहीं हुआ फैसला
मुरादाबाद कांग्रेस: यूपी में विधानसभा चुनाव सिर पर आ गए हैं, कांग्रेस नेताओं में भी मायूसी छाई हुई है। संगठन में फेरबदल नहीं हुआ है। जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के बारे में कोई निर्णय नहीं हुआ है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव सिर पर आ गए हैं लेकिन कांग्रेस संगठन में जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष की सूची एक माह बाद भी फाइनल नहीं हुई है। इस वजह से चुनावी तैयारियों की जगह कार्यकर्ताओं में मायूसी छा गई है। अभी सहयोगी दलों से गठबंधन का भी निर्णय नहीं हो सका है।
कांग्रेस के पर्यवेक्षक मोहन मरकाम 11 से 17 अगस्त तक के लिए जिले में आए थे। उन्होंने कांग्रेस के जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के बारे में लोगों से राय ली। जाते समय पर्यवेक्षक ने सर्किट हाउस में एक दर्जन कांग्रेसियों के साक्षात्कार लिए। भरोसा दिया कि इस मामले में सूची आलाकमान को सौंपी जाएगी।
इसके बाद पार्टी के जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के बारे में आलाकमान निर्णय लेगा। एक माह बीतने के बावजूद पार्टी ने जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के बारे में कोई निर्णय नहीं लिया। इधर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को भी हटा दिया गया।
पार्टी के जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर और महानगर अध्यक्ष जुनैद कुरैशी ने चुनाव की तैयारी के लिए कार्यकारिणी का गठन किया था लेकिन पर्यवेक्षक की रिपोर्ट के बाद दोनों पदाधिकारी आलाकमान के निर्णय का इंतजार कर रहे हैं। पार्टी के कार्य ठप पड़ गए हैं।
इधर कार्यकर्ताओं में भी मायूसी छा गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा, सपा और बसपा के पदाधिकारी चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। इधर कांग्रेस जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष की सूची फाइनल करने में लगी है। ऐसी स्थिति में चुनाव की तैयारी किन आधारों पर होगी।
पूर्व जिलाध्यक्ष पंडित देशराज शर्मा का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय काफी मेहनती थे। उनके हटने से पार्टी को काफी नुकसान होगा। चुनाव के वक्त प्रदेश अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों का बदलना उचित निर्णय नहीं माना जा सकता है।
इसका असर पार्टी पर पड़ेगा। अब नए प्रदेश अध्यक्ष को नए सिरे से पार्टी को समझना होगा। अभी गठबंधन भी फाइनल नहीं हुआ है। पार्टी के पदाधिकारी किस प्रकार कार्यकर्ताओं में चुनाव के लिए जोश भरेंगे। इस बिंदु पर भी विचार करना चाहिए।
सोशल मीडिया टीम की जा रही तैयार
आगामी विधानसभा चुनाव में डिजिटल वार के लिए कांग्रेस सोशल मीडिया टीम तैयार कर रही है। इस मामले में संगठन के राष्ट्रीय संयोजक के नेतृत्व में डिजिटल वार के लिए प्रत्येक मंडल के युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया।
कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय मुद्दों को उठाने के लिए नोएडा में रविवार को यूपी कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग की बैठक आयोजिक की। बैठक के दौरान पश्चिम एवं ब्रज जोन के पदाधिकारी बुलाए गए थे।
बैठक को राष्ट्रीय संयोजक प्रणव वच्छराजानी, नेशनल कोऑर्डिनेटर एवं प्रभारी सोशल मीडिया (यूपी) आयुष पांडेय, प्रदेश कोऑर्डिनेटर ब्रज जोन शत्रुघ्न सिंह चौहान, पश्चिम जोन के कोऑर्डिनेटर जीशान अली हैदरी ने संबोधित किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष संभल नजरूल, प्रदेश महासचिव मज़हर अब्बास, जिला अध्यक्ष बिजनौर काजी अली आदि पदाधिकारी भी मौजूद थे।