Republic Day: मुरादाबाद मंडल में फहराया तिरंगा, पुलिसकर्मियों का सम्मान, स्कूल-कॉलेजों में रंगारंग आयोजन
मुरादाबाद मंडल में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। पुलिस लाइन में परेड का आयोजन किया गया। सभी स्कूलों में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए।
विस्तार
मुरादाबाद मंडल में गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंडल के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और प्रतिष्ठानों में ध्वजारोहण किया गया। मुरादाबाद-रामपुर और अमरोहा-संभल की पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।
इस अवसर पर उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाएं देने वाले पुलिसकर्मियों को पुलिस पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में मंडल के विभिन्न शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों एवं विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया। मंडल भर के सरकारी और निजी स्कूलों में भी गणतंत्र दिवस को उत्साहपूर्वक मनाया गया।
रंगारंग कार्यक्रमों और देशभक्ति नारों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत नजर आया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर अधिकारियों ने संविधान की गरिमा बनाए रखने और देश की एकता व अखंडता के लिए समर्पित रहने का संदेश दिया।
उत्कृष्ट कार्य के लिए पीएसी के 12 जवानों को मिलेगा मेडल
मुरादाबाद में गणतंत्र दिवस के मौके पर पीएसी पश्चिमी जोन में विभिन्न पीएसी वाहिनियों में तैनात 12 अधिकारियों, कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक प्रशंसा चिह्न, स्वर्ण (गोल्ड) , रजत (सिल्वर) पदक से सम्मानित किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक (पीएसी जोन) ने बताया कि पीएसी पश्चिमी जोन के अधीन विभिन्न पीएसी वाहिनियों में तैनात जवानों को प्रशंसा पत्र एवं पदक प्रदान किया गया। इसमें 15वीं वाहिनी के निरीक्षक पुष्पेंद्र नाथ को प्रशंसा चिह्न स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।
47वीं वाहिनी के आरक्षी अमर चौधरी, 15वीं के मुख्य आरक्षी विकास नागर को रजत पदक, 41वीं वाहिनी के गुल्मनायक गोविंद बल्लभ चौसाली, मुख्य आरक्षी परिवहन बृजनाथ यादव, 44वीं वाहिनी के मुख्य आरक्षी राजेश कुमार शर्मा, 47वीं वाहिनी के मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह, 49वीं वाहिनी के मुख्य आरक्षी शिवराम यादव व वृषभान सिंह, 15वीं वाहिनी के निरीक्षक परिवहन ऋषिपाल सिंह, 43वीं वाहिनी के मुख्य आरक्षी गवेंद्र सिंह को सिल्वर मेडल प्रदान किया।
इसके साथ साथ उत्कृष्ट सेवा सराहनीय सम्मान चिह्न के लिए 43वीं वाहिनी के मुख्य आरक्षी (डीआर) वीरेंद्र सिंह, सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न के लिए 45वीं वाहिनी के शिविरपाल राजेश जौहरी, 43वीं वाहिनी के पीसी बच्चू सिंह व 49वीं वाहिनी के मुख्य आरक्षी रामजीवन यादव को दिया गया।
