पीलीभीत: एआरटीओ कार्यालय में अवैध वसूली का आरोप, भाकियू कार्यकर्ताओं ने किया धरना प्रदर्शन
पीलीभीत में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने सोमवार को एआरटीओ कार्यालय में अवैध वसूली के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने लाइसेंस, फिटनेस और पंजीकरण के नाम पर सुविधा शुल्क लेने का आरोप लगाया। प्रदेश सचिव वेद प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में यह प्रदर्शन हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत के एआरटीओ कार्यालय में लाइसेंस, फिटनेस और वाहनों के पंजीकरण के नाम पर कथित तौर पर वसूली किए जाने का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने सोमवार को धरना प्रदर्शन किया। किसान विश्रामगृह मंडी समिति से जुलूस की शक्ल में कार्यकर्ता एआरटीओ कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए पंचायत शुरू की।
प्रदेश सचिव वेद प्रकाश शर्मा ने आरोप लगाया कि एआरटीओ कार्यालय में लाइसेंस बनवाने से लेकर वाहनों की फिटनेस और पंजीकरण कराने तक लोगों से भारी रकम वसूली जा रही है। इससे किसान और आम जनता परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कथित वसूली पर तत्काल रोक नहीं लगी तो भाकियू अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेगी।
ओवरलोड वाहनों का उठाया मुद्दा
बरेली मंडल अध्यक्ष सतविंदर सिंह कहलो ने जिले के विभिन्न मार्गों पर रेता-बजरी से लदे ओवरलोड वाहनों के संचालन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि ओवरलोड वाहनों से सड़कें क्षतिग्रस्त होने के साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। अवैध रूप से संचालित वाहनों पर भी तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
उन्होंने एआरटीओ कार्यालय में कथित तौर पर सक्रिय कमीशन एजेंटों पर रोक लगाने और कार्रवाई करने की मांग की। चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो भाकियू को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। पंचायत में किसानों की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
एआरटीओ ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
धरना स्थल पर पहुंचे एआरटीओ सुशील कुमार मिश्रा ने किसानों की समस्याएं सुनीं और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। इस दौरान यशपाल सिंह चिंटू ठाकुर, धर्मेंद्र सिंह चौहान, रंगीले खां, प्यारेलाल वर्मा, नरेश मिश्रा, सोनू शाह, अशरफ अली, डॉ. नसीम कादरी, रामशरण वर्मा, वीरपाल राजपूत, अमित गंगवार, शब्बीर अली, इजहार अहमद, सखावत हुसैन, मुन्ना भाई, दिलशाद खान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।