सहारनपुर: कलक्ट्रेट गेट पर आसपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा बढ़ाने समेत कई मांगें
सहारनपुर में आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर कलक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सहारनपुर में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर हकीकत नगर स्थित धरना स्थल पर एकत्र होकर कलक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। जिला अध्यक्ष सचिन खुराना ने विभिन्न मामलों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच समेत कई मांगें उठाईं।
बाराबंकी की घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग
जिला अध्यक्ष सचिन खुराना ने कहा कि गोंडा में विनोद साहनी एवं रमेश कोरी तथा अयोध्या में राम लगन मौर्य की हत्या के बाद पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले को 13 सितंबर को बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के बुडवल में रोके जाने के बाद पथराव और हिंसक हमले की शिकायत सामने आई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
सीसीटीवी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित कराने की मांग
उन्होंने कहा कि घटना में कई कार्यकर्ताओं को चोटें आईं और वाहनों को नुकसान पहुंचा। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित कराया जाए। मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच कर लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
कार्यकर्ताओं ने चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल थ्रेट असेसमेंट कराने और आवश्यकता के अनुसार सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। उनके सार्वजनिक कार्यक्रमों एवं दौरों के दौरान पर्याप्त सुरक्षा, एस्कॉर्ट और रूट सिक्योरिटी सुनिश्चित करने तथा उनके विरुद्ध जारी धमकीपूर्ण संदेशों की जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग भी ज्ञापन में की गई।
पंचायत सहायकों की समस्याओं के समाधान की मांग
लखनऊ के ईको गार्डन में मांगों को लेकर धरना दे रहे पंचायत सहायकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग उठाई गई।
68500 शिक्षक भर्ती मामले में आदेश के अनुपालन की मांग
68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी प्रकरण में पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा दिए गए आदेश का तत्काल अनुपालन कराने तथा प्रभावित अभ्यर्थियों को नियमानुसार न्याय दिलाने की मांग भी की गई।
धर्मस्थलों पर कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा की मांग
सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद, मुरादाबाद की मुस्तफा मस्जिद सहित अन्य इस्लामिक धर्मस्थलों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा की मांग की गई।