Shahjahanpur News: बिजली के खंभे में उतरे करंट से कक्षा दो के छात्र की मौत, शव गोद में लेकर बिलख पड़ी मां
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा में बृहस्पतिवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। बिजली के खंभे में उतरे करंट से आठ साल के बालक की मौत हो गई। घटना के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा कस्बा के मोहल्ला बंगशान स्थित रामनगर कॉलोनी में बिजली के खंभे से उतरे करंट की चपेट में आने से आठ वर्षीय बालक असद की मौत हो गई। वह कक्षा दो का छात्र था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। असद की मां बेटे का शव गोद में लेकर बिलख पड़ी। यह दृश्य देख वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं।
जलालुद्दीन अंसारी का पुत्र असद बृहस्पतिवार सुबह करीब दस बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह पास में लगे बिजली के खंभे के निकट पहुंच गया और अचानक करंट की चपेट में आ गया। बच्चे को तड़पता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने किसी तरह उसे करंट से अलग किया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कई बार की शिकायत, नहीं दिया गया ध्यान
मोहल्ले वालों का आरोप है कि बारिश के दौरान क्षेत्र में जलभराव होने पर बिजली के खंभे के आसपास करंट उतरने की शिकायत पहले भी बिजली निगम के अधिकारियों से की गई थी, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
समय रहते शिकायत का निस्तारण किया जाता तो शायद यह हादसा नहीं होता। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और परिजनों व मोहल्ले वालों से जानकारी ली। सीओ तिलहर विदुष सक्सेना ने बताया कि तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।