यूपी: नेत्रहीन का सिर काट कुएं में फेंका धड़, विनोद ने अपनी मौत का रचा ऐसा मायाजाल, पुलिस भी रह गई हैरान
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में दुष्कर्म के आरोपी विनोद ने खुद को मृत दिखाने के लिए खौफनाक साजिश रची। उसने एक नेत्रहीन युवक को आंखों की रोशनी लौटाने का झांसा दिया और फिर दो दोस्तों के साथ मिलकर सिर काटकर उसका कत्ल कर दिया। अपने आधार कार्ड की प्रति मौके पर छोड़ दी, ताकि पुलिस उसे मृत समझे।
विस्तार
शाहजहांपुर के कलान थाना क्षेत्र में सूखे कुएं में मिले सिर कटे शव के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। कई मुकदमों में वांछित विनोद उर्फ बाबा ने अपनी मौत का झूठा भ्रम फैलाने और गांव के नौ लोगों को हत्या के मामले में फंसाने के लिए अपने साथ रहने वाले नेत्रहीन राजपाल की हत्या की थी। उसने राजपाल का सिर काटकर धड़ कुएं में फेंक दिया और मौके पर अपना आधार कार्ड रख दिया, ताकि पुलिस उसे मृत समझे। पुलिस के मुताबिक, इस साजिश में विनोद के परिजन भी शामिल थे। पुलिस ने विनोद समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
17 नवंबर को कलान थाना क्षेत्र के गांव सिउड़ी के पास एक सूखे कुएं में सिर कटा शव मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस को शव के पास आधार कार्ड और अन्य सामान मिला था। विनोद की पत्नी पूजा और परिजनों ने सामान के आधार पर शव की पहचान विनोद के रूप में की थी। इसके बाद पूजा ने गांव के राजेश, योगेश, मुकेश समेत नौ लोगों के खिलाफ पति की हत्या कर सिर गायब करने और शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी में भीषण हादसा: कार और ट्रक की भिड़ंत, पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत, छह गंभीर घायल
पुलिसकर्मियों को हुआ संदेह
मामले में पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बनाने के लिए सड़क पर जाम भी लगाया था। पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए कई टीमें गठित कीं। जांच में बीट पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ कि कुएं में मिला शव विनोद का नहीं है। इसके बाद पुलिस ने भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाने के साथ सर्विलांस की मदद ली। विनोद के मोबाइल नंबरों की निगरानी की गई तो पता चला कि वह नंबर बदल-बदलकर परिजनों से बात कर रहा था। जांच में विनोद की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी।
दो साथियों के साथ मिलकर की थी हत्या
एसपी देहात दीक्षा भांवरे अरुण के अनुसार, विनोद खुद को तांत्रिक बताता था। उसने अपने साथ रह रहे निगोही थाना क्षेत्र के गांव ऐठापुर निवासी नेत्रहीन राजपाल को तंत्र-मंत्र के जाल में फंसा लिया। उसकी आंखों की रोशनी लौटाने की बात कहते हुए बदायूं जिले के थाना उसहैत के गांव कटरा निवासी विकास और इसी थाना क्षेत्र के गांव मुड़िया निवासी ओमपाल के साथ मिलकर राजपाल की गला काटकर हत्या कर दी। उसका सिर अटैना घाट पर गंगा में फेंक दिया, जबकि धड़ गांव सिउड़ी के पास सूखे कुएं में डाल दिया। शव के पास अपना आधार कार्ड और अन्य सामान रखकर उसे अपनी हत्या का मामला दिखाने की साजिश रची।
एसपी देहात के मुताबिक, विनोद ने मुकदमों से बचने और गांव के नौ लोगों को फंसाने के लिए अपने परिजनों से मिलकर साजिश रची थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 23 नवंबर की रात 8:16 बजे अटैना से कलान आने वाले मार्ग पर नौसना मड़ैया के पास से तीनों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक गड़ासा, ईंट का आधा टुकड़ा, घड़ी, ब्लूटूथ, विकलांगता कार्ड, 3002 रुपये, 15 पीले रंग के सिक्के, माचिस की डिब्बी और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद हुई है।
लालच देकर दोस्तों को हत्या में किया शामिल
विनोद ने खुद को मृत साबित करने की साजिश में अपने दो दोस्तों को भी शामिल कर लिया था। बदायूं निवासी विकास और ओमपाल से उसकी गहरी दोस्ती थी। विनोद के पास चांदी के 15 सिक्के थे। उसने दोस्तों को झांसा दिया कि सूखे कुएं के पास नेत्रहीन व्यक्ति की हत्या करने से तंत्र-मंत्र के जरिए चांदी के सिक्के सोने में बदल जाएंगे। इसी लालच में विकास और ओमपाल भी हत्या की साजिश में शामिल हो गए। पुलिस के मुताबिक, विनोद ने इसी अंधविश्वास का सहारा लेकर नेत्रहीन राजपाल की हत्या कराई और शव कुएं में फेंक दिया।
